एमसीडी में आप प्रभारी दुर्गेश पाठक ने कहा कि सभी पार्षदों ने बैठक में सीएम से निवेदन किया है कि वो इस्तीफा देने के संबंध में सोचेंगे भी नहीं। उन्हें जेल से सरकार चलानी चाहिए। इसके साथ ही पूरे देश के अंदर जन संवाद कर लोगों के विचार को जाना जाएगा कि क्या दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस्तीफा देना चाहिए या जेल से सरकार चलानी चाहिए।
पाठक ने कहा कि भाजपा आप को चुनाव में हरा नहीं सकती। ऐसे में षड्यंत्र रचा जा रहा है। पूरी साजिश के तहत केजरीवाल को जेल के अंदर डाला जा सकता है। जब वह जेल चले जाएंगे तो इस्तीफा दे देंगे। इसके बाद भाजपा आम आदमी पार्टी को तोड़ देगी। पहले उन्होंने सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया जाए। इसके बाद संजय सिंह और आखिर में केजरीवाल को गिरफ्तार किया जाए।
मुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन
पाठक ने कहा कि केजरीवाल ने सभी पार्षदों की बातें सुनी और आश्वासन दिया कि इस पर वो विचार करेंगे। सीएम ने बैठक में बताया कि पंजाब और देश भर के आप संगठन के लोगों से भी वो चर्चा करेंगे। इसके बाद इस संबंध में फैसला लेंगे। इसके साथ ही आज की बैठक में कुछ अन्य फैसले लिए गए कि देश और दिल्ली के अंदर रेफरेंडम चलाया जाएगा। लोगों से जन संवाद किया जाएगा कि और उनके विचार को जाना जाएगा कि क्या दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस्तीफा देना चाहिए या तिहाड़ से सरकार चलानी चाहिए। आम आदमी पार्टी के पार्षद और विधायक देशभर में अभियान चलाकर लोगों की राय लेंगे।