आठ से दस बदमाशों ने शादी समारोह के दौरान बरसाईं थी गोलियां
अपराध शाखा डीसीपी रोहित मीणा के अनुसार बाढ़, पटना में 11 दिसंबर 2021 को एक कारोबारी के परिवार में शादी समारोह चल रहा था। इस शादी में नवनिर्वाचित मुखिया भूरेलाल यादव उर्फ प्रियरंजन भी शादी में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। तभी आठ से दस बदमाश शादी में आए और भूरेलाल समेत कई लोगों पर गोली चला दी।
इसमें नवनिर्वाचित मुखिया भूरेलाल व पंडारक थाने में तैनात एएसआई राजेश की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक घायल लाल बहादुर ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। जांच में बिहार पुलिस को पता चला था कि अंबुजा सीमेंट की फैक्ट्री बनाने को लेकर वहां विवाद चल रहा था। इस वजह से तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। इस तिहरे हत्याकांड में पूर्व मुखिया एवं भोला सिंह गिरोह का नाम सामने आया था। बिहार पुलिस ने तीन आरोपियों को वारदात के बाद गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं।
नोएडा में छिपा था आरोपी
पुलिस की अपराध शाखा को सूचना मिली थी कि आरोपी सूरज नोएडा में छिपा हुआ है। एसीपी अरविंद कुमार की टीम ने नोएडा से सूरज उर्फ तेली को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पहले भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। तिहरे हत्याकांड में सूरज का भाई भी शामिल था। उसके खिलाफ 12 से अधिक मामले दर्ज हैं। हत्याकांड के बाद सूरज भागकर दिल्ली आ गया था। पहले ये बुराड़ी इलाके में रहा। इसके बाद वह वजीराबाद इलाके में रहा। यहां से ये नोएडा चला गया था और नोएडा में छिपकर रह रहा था। पुलिस से बचने के लिए आरोपी मोबाइल का इस्तेमाल नहीं कर रहा था और न ही परिजनों से संपर्क कर रहा था। आरोपी ने मुखिया के चुनावों के दौरान भी गोली चलाई थी।