शाम के वक्त प्रदर्शनस्थल पर बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और पुरुष बड़ी संख्या में इकट्ठे होते हैं। भीड़ को देखते हुए मंगलवार दोपहर पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारी धरनास्थल पहुंचे थे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए घरों में जाने को कहा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी हो गई।
प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों से स्पष्ट कह दिया कि वह रास्ते से एक इंच भी नहीं हटेंगे। इस दौरान प्रदर्शन में लोगों की संख्या बढ़ती चली गई और बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक सभी लोग धरनास्थल पहुंचने लगे। बातचीत विफल होने के बाद अधिकारी भी मौके से वापस चले गए।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि प्रदर्शनकारियों की भीड़ न खत्म होने की स्थिति में शाहीन बाग थाने में मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा। कोरोना वायरस की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।