शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त आर सत्यसुंदरम ने बताया कि शनिवार को स्पेशल स्टाफ की टीम को सूचना मिली थी कि क्रॉस रिवर मॉल के 'हैवन स्पा' सेंटर में जिस्म फरोशी का धंधा चलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही स्पेशल स्टाफ ने आनंद विहार थाना पुलिस के साथ मिलकर एक टीम का गठन किया। इसके बाद एक टीम को नकली ग्राहक बनाकर वहां भेजा गया।
स्पा सेंटर के अंदर उसे एक व्यक्ति मिला। उसने नकली ग्राहक से मसाज के लिए एक हजार की डिमांड की। बातचीत के बाद आरोपी ने ग्राहक के सामने 11 लड़कियां पेश कर दी। बाद में उससे कहा गया कि वह इनके साथ सेक्स करना चाहता है तो उसे एक हजार रुपये अतिरिक्त देना होंगे। ग्राहक इसके लिए तैयार हो गया। बाद में उसने पुलिस की टीम को इशारा कर दिया। फौरन वहां पर छापा मारा गया।
11 लड़कियों के अलावा सौदा कराने वाले आरोपी को काबू कर लिया गया। आरोपी स्पा सेंटर का मालिक था। उसके नाम पर ही स्पा सेंटर का लाइसेंस था, जिसके लाइसेंस की अवधि समाप्त हो चुकी थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से नकली ग्राहक द्वारा दिए गए दो हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।