अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले लाल किले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए बहुस्तरीय आतंकवाद रोधी यंत्र लगाई गई है। साथ ही कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित वीडियो विश्लेषण प्रणाली से लैस 1,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने समारोह के दौरान बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए मॉक ड्रिल भी की हैं।
उत्तर जिले के पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि पिछले साल राष्ट्रीय राजधानी में सामने आई घटनाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा योजना में लाल किले के भीतर और आसपास कई स्तरों पर जांच और स्क्रीनिंग के अलावा किसी भी संभावित खतरे या आपात स्थिति से निपटने के लिए आतंकवाद रोधी प्रतिक्रिया योजना शामिल है।
डीसीपी ने कहा कि सभी एजेंसियों को तैयार रखने और किसी भी आपात स्थिति में समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए पहले से समन्वय, मॉक ड्रिल और अग्रिम सूचना देने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि लाल किले के अंदर और बाहर 1,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे पूरे इलाके पर कड़ी नजर रखी जाएगी। ये कैमरे एआई आधारित वीडियो विश्लेषण प्रणाली से जुड़े हैं।