दिल्ली के बाहरी इलाकों में गर्मी का सबसे अधिक प्रकोप दर्ज किया गया है। मुंगेशपुर में 49.2 व नजफगढ़ में 49.1 डिग्री सेल्सियस के साथ यह इलाके दिल्ली में सबसे गर्म रहे हैं। इसके अलावा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में 48.4, पालम में 46.4, आया नगर में 46.8, जफरपुर में 47.5, रिज में 47.2, लोधी रोड में 45.8, मयूर विहार में 45.4, गुरुग्राम में 48.1 व नोएडा में 47.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। गुरुग्राम में 10 मई 1966 में 49 डिग्री सेल्सियस के बाद सबसे अधिक तापमान का रिकॉर्ड रहा है। इन इलाकों में पारा अधिक होने की वजह से गंभीर स्तर की लू दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों के लिए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से गर्मी से राहत मिलने की संभावना जताई है। अगले 24 घंटे में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है। अधिकतम तापमान 41 व न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। वहीं, इसके अगले दिन भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ कुछ इलाकों मे हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। मौसम के बदले मिजाज से लू का सितम खत्म होगा। हालांकि, इसके अगले दिन से मौसम खुलेगा व पारा चढ़ने से गर्मी का सितम बढ़ेगा।
अधिकतम तापमान- 41 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान- 28 डिग्री सेल्सियस
सूर्यास्त का समय: 7:05 बजे
सूर्योदय का समय: 5:30 बजे
-दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। दोपहर में मौसम का मिजाज बदल सकता है। आंधी-तूफान आने की संभावना है।