ग्रेटर नोएडा के दादरी के बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव डेरीस्कनर की होनहार छात्रा की सोमवार को बुलंदशहर के औरंगाबाद के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। मंगलवार को इस मामले में एक नया मोड़ आ गया है। सुदीक्षा के पिता का आरोप है कि यह हादसा हुआ नहीं है कराया गया है।
उनका आरोप है कि पुलिस इस मामले को मामूली दुर्घटना के केस की तरह दिखाना चाहती है जबकि यह हादसा सुदीक्षा से छेड़खानी के बाद हुआ। उनका आरोप है कि सुदीक्षा जब अपने भाई के साथ बाइक से जा रही थी तो रास्ते में बुलेट सवार कुछ शोहदों ने छेड़खानी शुरू कर दी। उसी दौरान मनचलों से बचने के चक्कर में गाड़ी गिर गई और सुदीक्षा की मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि इस इलाके में अकसर ऐसी घटनाएं होती रहती हैं लेकिन हमने अपनी बच्ची को डरना नहीं आगे बढ़ना सिखाया था। परिजनों के मुताबिक, सुदीक्षा भाटी (19) अपने भाई के साथ बाइक पर जा रही थी। उनकी बाइक में दूसरे बाइक सवार ने सामने से टक्कर मार दी। सुदीक्षा और उनके भाई बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े।
इस दौरान सुदीक्षा का सिर सड़क से टकरा गया और उनकी मौके पर ही मौत गई। बताया गया है कि सुदीक्षा ने हेलमेट नहीं लगाया था, जबकि उनके भाई ने हेलमेट लगा रखा था। लोगों का कहना है कि सुदीक्षा ने हेलमेट लगाया होता तो उनकी जान बच सकती थी।
वहीं, हादसे के तुरंत बाद टक्कर मारने वाला मौके से फरार हो गया। उधर, बेटी की मौत के बाद परिवार पूरी तरह से टूट गया है। छात्रा अमेरिका में बीबीए की पढ़ाई कर रही थी। वहां की सरकार ने छात्रा को 3.80 करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप दी थी।
सुदीक्षा सोमवार को भाई के साथ बाइक से औरंगाबाद स्थित माधवगढ़ गांव में रिश्तेदारी में गई थी। सुदीक्षा ने बुलंदशहर के विद्या ज्ञान स्कूल से इंटरमीडिएट की पढ़ाई की थी। इंटर में 98 फीसदी अंक हासिल किए थे। छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।