भारत की सबसे अमीर महिलाओं में से एक सावित्री जिंदल ने मीडिया मुगल सुभाष चंद्रा और सीईओ समीर अहलुवालिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने जी न्यूज पर आरोप लगाया है कि इस चैनल ने जानबूझकर ऐसी खबरें दिखाई जिनसे उनकी और उनके परिवार की छवि को खराब किया जा सके।
64 वर्षीय सावित्री जिंदल ने इलेक्शन कमीशन से शिकायत करते हुए कहा है कि जी न्यूज लगातार चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर रहा है।
अपनी शिकायत में उन्होंने सुभाष चंद्रा, हिसार से बीजेपी उम्मीदवार कमल गुप्ता, सीईओ समीर अहलुवालिया और जी न्यूज के एडिटर सुधीर चौधरी के साथ टीवी एंकर रुबिका लियाकत का भी नाम लिखा है।
अपनी शिकायत में जिंदल ने कहा है कि सुभाष चंद्रा ने अपने चैनल पर उनके और उनके परिवार के बारे में आधारहीन और अपमानजनक बातें कहीं हैं। सावित्री जिंदल का आरोप है कि यह सब उन्होंने भाजपा उम्मीदवार कमल गुप्ता के कहने पर किया।
चैनल पर दी गई गलत जानकारी
सावित्री जिंदल का आरोप है कि चार से छह अक्टूबर के बीच गलत और भ्रमित करने वाली जानकारी के आधार पर चैनल ने कार्यक्रम प्रसारित किया जिसके लिए सुभाष चंद्रा के साथ समीर अहलुवालिया, सुधीर चौधरी, रुबिका और लियाकत जिम्मेदार हैं।
सावित्री का आरोप है कि उनके राजनीतिक विरोधी कमल गुप्ता ने यह गलत जानकारी प्रिंट मीडिया तक भी पहुंचाई साथ ही अफवाह फैलाने की कोशिश की गई कि जिंदल परिवार भ्रष्ट है।
उनका कहना है कि इलियट क्लब की जमीन कभी भी नवीन जिंदल के नाम नहीं रही। लेकिन इस गलत जानकारी पर आधारित खबर को लगातार प्रसारित किया जाता रहा। जबकि यह जमीन अभी भी हरियाणा सरकार के कब्जे में है।
अपनी शिकायत में उन्होंने बताया है कि 2005 में उनके पति ओपी जिंदल की दुर्घटना में मौत के बाद हरियाणा सरकार ने उनके सम्मान में पार्क के निर्माण का फैसला किया था।
देश के टॉप अरबपतियों में है इनका नाम
सरकार ने ओपी जिंदल फाउंडेशन से भी इस पार्क के विकास के लिए मदद मांगी। ट्रस्ट ने पार्क में मनोरंजन और योगा केंद्र के निर्माण के लिए लगभग ग्यारह करोड़ रूपये खर्च किए।
उनका कहना है कि जिंदल परिवार इससे पहले भी विकास के काम करता रहा है। ऐसे में उनके परिवार पर इस तरह का आरोप लगाना बेहद गलत है।
गौरतलब है कि सावित्री जिंदल के पति ओपी जिंदल हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके थे। 2005 में एक हेलीकाप्टर दुर्घटना मे उनकी मौत हो गई। सावित्री जिंदल 2005 और 2009 में हिसार से कांग्रेस विधायक रह चुकी हैं।
बता दें कि सावित्री जिंदल के पति ने ओपी जिंदल ग्रुप की स्थापना की थी। इस ग्रुप के संस्थापक की पत्नी सावित्री जिंदल 9.5 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया की सबसे रईस लोगों की सूची में शामिल हैं।
जिंदल ग्रुप स्टील और बिजली उत्पादन से जुड़ा हुआ है। फोर्ब्स द्वारा सितंबर 2014 में जारी सूची के अनुसार टॉप 100 भारतीय अरबपतियों में सावित्री जिंदल का 12वां स्थान है।