इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक शनिवार देर शाम दक्षिणी दिल्ली में पीपल के एक पेड़ को काटने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया। बीके कालोनी के पास जोरबाग करबला के सदस्यों और स्थानीय निवासियों के बीच तनाव इतना बढ़ा कि दोनों गुटों के बीच दो घंटे तक पथराव होता रहा। हिंसा में तीन लोगों के घायल होने की खबर है।
यह घटना शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे हुई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे पुलिस कंट्रोल रूम को इस इलाके में पथराव की सूचना दी गई।
हालांकि अभी तक इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। तनाव को देखते हुए इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है।
इस घटना से स्थानीय निवासी इतने नाराज थे कि पुलिस के समझाने के बाद भी उन्होंने अपने घरों में जाने से इनकार कर दिया। पेड़ काटे जाने से नाराज लगभग 200 लोग अपने घरों से बाहर आ गए और विरोधी गुट को रोकने की कोशिश करने लगे।
तनाव को देखते हुए इलाके में दक्षिण दिल्ली के डीसीपी, तीन एसीपी, आठ से दस एसएचओ सहित पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है।