दिल्ली का मुंगेशपुर इलाका 47.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा है। इसके अलावा नजफगढ़ में 47, पीमतपुरा में 46.4, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में 46.9, आयानगर में 45.4, रिज में 45.4, नोएडा में 45.1 व गुरुग्राम में 46.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम पारा दर्ज किया गया है। पारा अधिक होने की वजह से इन इलाकों में गंभीर स्तर की लू रिकॉर्ड की गई है। मैदानी इलाकों में जब अधिकतम पारा 40 या इससे अधिक और सामान्य से साढ़े छह डिग्री सेल्सियस अधिक होता है तब गंभीर स्तर की लू दर्ज की जाती है। वहीं, पारा सामान्य से साढ़े चार डिग्री सेल्सियस से अधिक होने पर लू की घोषणा होती है।
मौसम विभाग ने रविवार के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भीषण गर्मी पड़ने की आशंका जताई है। विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में मौसम साफ रहने के साथ पारा चढ़कर 45 तक पहुंच सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। इसके अगले दिन मौसम करवट लेगा व तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। अगले सप्ताह के मध्य तक फिर से गर्मी का सितम बढ़ेगा।
अधिकतम तापमान- 45 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान- 27 डिग्री सेल्सियस
सूर्यास्त का समय: 7:05 बजे
सूर्योदय का समय: 5:30 बजे
-दिनभर मौसम साफ रहेगा व पारा अधिक चढ़ने की संभावना है। कुछ इलाकों में लू व गंभीर स्तर की लू चल सकती है।