बुढापा पेंशन न मिलने से परेशान बुजुर्गों ने बुधवार को गुड़गांव गांव के डाकखाने के बाहर हंगामा कर दिया। लेकिन शाम तक वहां उनकी सुनने वाला कोई नहीं था। बुर्जुगों ने अब अपनी पीड़ा प्रशासन के सामने रखने की बात कही है।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निवास करने वाले बुजुर्ग बुधवार को पेंशन लेने के लिए गुड़गांव गांव में राजकीय कॉलेज के पीछे स्थित डाकखाने पर पहुंचे। दोपहर तक इनकी संख्या बढ़ते-बढ़ते करीब 300 तक पहुंच गई।
बार-बार वहां मौजूद लोगों से यही जवाब मिलता रहा कि महिला कर्मचारी आएंगी और पेंशन का वितरण करेंगी। लेकिन दोपहर बाद तक वह कर्मचारी पेंशन वितरण के लिए डाकखाने नहीं पहुंची। जिसके बाद बुर्जुगों के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
काफी देर तक हंगामा होता रहा, लेकिन किसी ने बुर्जुगों के गुस्से को शांत करने का प्रयास नहीं किया। आखिरकार बुजुर्गों को ही थक-हारकर शांत होना पड़ा।
बुजुर्ग सरोज बाला, बिमला, कमला, रमेश, रामलाल ने बताया कि हर माह की दो तारीख के बाद पेंशन वितरण का कार्य शुरू होता है। लेकिन काफी संख्या में लोगों को एक से तीन माह तक की पेंशन नहीं मिली है।