अलग-अलग स्थानों पर चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। चोर यहां से हजारों रुपये के सोने के जेवरात, मोबाइल व नगदी ले गए। पीड़ितों की शिकायत पर थाना शहर बल्लभगढ़ और थाना सारन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पहला मामला थाना शहर बल्लभगढ़ की भीम सैन कॉलोनी में सामने आया है। यहां रतन लाल का परिवार मकान नंबर- 43/ए में रहता है। रतन की पत्नी विमला रानी ने मंगलवार को थाना शहर बल्लभगढ़ पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि 10 नवंबर को घर के सभी लोग घर से बाहर गए थे।
लौट कर देखा तो घर में चोरी हो चुकी थी। घर की जांच करने पर पता लगा कि चोर यहां से सोने की दो चूड़ी, बाली, सोने की एक चेन, दो टॉप्स चोरी कर ले गए। इनकी कीमत हजारों में है।
दूसरे मामले में थाना सारन पुलिस को एनआईटी के ए/345 निवासी अनिल कुमार सुमन ने मंगलवार को शिकायत दी। इसमें बताया कि 16 नवंबर को उनके घर से चोरों ने एक मोबाइल फोन और 12 हजार रुपये नगदी चोरी कर लिए।
वहीं एक अन्य मामले में सेक्टर-37 क्षेत्र में बाइक सवार बदमाश ने एक युवती का मोबाइल फोन झपट लिया। थाना सराय ख्वाजा में दिव्या चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई है।
इसमें उसने पुलिस को बताया कि 16 नवंबर की देर शाम करीब सवा सात बजे वह किसी काम से सेक्टर-37 क्षेत्र में गई थी। जैसे ही वह सेक्टर-37 स्थित आईडीबीआई बैंक के सामने पहुंची, तभी पीछे से एक बाइक पर युवक आया। उसने अचानक दिव्या के हाथ से मोबाइल झपट लिया और फरार हो गया।