- पीडब्ल्यूडी ने इंजीनियरों और मेंटेनेंस वैन की जवाबदेही तय की, साप्ताहिक निरीक्षण और रिपोर्टिंग के आदेश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी की सड़कों को बेहतर बनाने और रखरखाव व्यवस्था में लापरवाही रोकने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सख्ती शुरू कर दी है। विभाग ने सभी जोन, सर्किल, डिवीजन और सब-डिवीजन में काम कर रही मेंटेनेंस वैन की साप्ताहिक मॉनिटरिंग अनिवार्य कर दी है। अब हर सप्ताह इंजीनियरों को यह बताना होगा कि उनके क्षेत्र में कितने गड्ढे मिले, कितने भरे गए, कितनी टाइलिंग और पेंटिंग हुई तथा नालों की सफाई का कितना काम किया गया।
पीडब्ल्यूडी की ओर से जारी कार्यालय आदेश में कहा गया कि प्रत्येक मेंटेनेंस वैन के काम का मूल्यांकन संबंधित जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर करेंगे। सभी रिपोर्ट हर शुक्रवार शाम पांच बजे तक जमा करनी होंगी। आदेश के अनुसार यदि किसी क्षेत्र में गड्ढे नहीं मिलते हैं तो उसकी निल रिपोर्ट भी देना अनिवार्य होगा। नई व्यवस्था के तहत सड़कों पर टाइलिंग कार्य, फ्लाईओवर और कर्ब स्टोन की पेंटिंग, बेल माउथ और सॉसर ड्रेन की सफाई जैसे कामों का रिकॉर्ड भी रखा जाएगा। विभाग ने सभी कार्यों की माप वर्गमीटर और मीटर के हिसाब से दर्ज करने को कहा है, ताकि काम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का मानना है कि इससे सड़क रखरखाव में पारदर्शिता बढ़ेगी और जिम्मेदारी तय होने से काम की गति में सुधार आएगा।