शहर के सरकारी स्कूलों में गेस्ट टीचरों की भर्ती में
नियमों का पालन नहीं करने का मामला सामने आ रहा है। जांच कमेटी ने माना है
कि करीब 173 गेस्ट टीचर संदेह के घेरे में हैं। उन्हें रखने के दौरान
नियमों का पालन नहीं किया गया है।
जांच कमेटी में शामिल जिला
शिक्षा अधिकारी राजीव अरोड़ा ने बताया कि कई स्कूलों में इस तरह के मामले
पाए गए हैं। उनसे पूछताछ जारी है। उनकी भर्तियों के दौरान नियमों की अनदेखी
की गई है। उन्होंने बताया कि ज्यादातर मामला विज्ञापन नहीं निकाले जाने का
आया है।
बता दें कि प्राइमरी कक्षा को जेबीटी, हाईस्कूल के लिए
मास्टर और सीनियर सेकेंडरी में लेक्चरार के लिए गेस्ट टीचर रखे गए थे। इनका
चयन ब्लॉक और प्रिंसिपल स्तर पर हुआ था।
नियमानुसार जेबीटी के लिए डीएड,
मास्टर को बीएड और लेक्चरार के लिए पोस्ट ग्रेजुएट और बीएड का सर्टिफिकेट
जमा कराना था। इसके लिए स्कूलों को अपने स्तर पर विज्ञापन निकालना था। इतना
ही नहीं नियमानुसार पहले स्कूल के पास दूसरे पर वॉर्ड फिर ब्लॉक और उसके
बाद जिला के व्यक्ति को प्राथमिकता देनी थी मगर कई स्कूलों में इसका पालन
नहीं किया गया।