Rashmika Mandanna Deepfake: फिल्म अभिनेत्री रश्मिका मंदाना का डीपफेक वीडियो बनाने के मामले में गिरफ्तार आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। आरोपी ने यूट्यूब पर वीडियो बनाना सीखा था। इसके अलावा रश्मिका के फैन पेज पर 90 हजार फालोअर्स थे, लेकिन अन्य पेज पर इससे अधिक फालोअर्स थे। ऐसे में फालोअर्स बढ़ाने के लिए उसने रश्मिका का डीपफेक वीडियो बनाया।
फिल्म अभिनेत्री रश्मिका मंदाना का डीपफेक वीडियो बनाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने मुख्य आरोपी को आंध्र प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। 24 वर्षीय आरोपी इमानी नवीन, गुंटूर जिला, आंध्र प्रदेश का रहने वाला है।
विज्ञापन
आरोपी ने इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग ट्रेड में चेन्नई के एक संस्थान से बीटेक कर रखा है। देश का यह पहला डीपफेक वीडियो का मामला है, जिसे पुलिस ने ढाई महीने में सुलझाया। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक आपरेशन (आइएफएसओ) यूनिट इसकी जांच कर रही है।
शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अभिनेत्री का प्रशंसक है। सोशल मीडिया प्रमोटर है, इसलिए कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहता है। उसने रश्मिका के नाम से फेसबुक पर एक फैन पेज बनाया था। करीब डेढ़ बीतने के बाद भी इस पेज पर कम फॉओलर्स थे।
विज्ञापन
इसलिए उसने भारतीय मूल की ब्रिटिश नागरिक जारा पटेल के एक वीडियो के साथ एआई की मदद से छेड़छाड़ की। जारा ने अपना वीडियाे नौ अक्तूबर को इंस्टाग्राम पर डाला था। इसके सहारे उसने रश्मिका का डीपफेक वीडियो बनाया। 13 अक्तूबर को उसने इसे फैन पेज पर अपलोड कर दिया। वायरल होने के साथ जब नकारात्मक टिप्पणियां आने लगीं और उसे गिरफ्तारी का डर हुआ तो उसने पोस्ट हटा दी।
डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी के अनुसार, बीते साल छह नवंबर को रश्मिका का डीपफेक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। दिल्ली महिला आयोग की शिकायत पर 10 नवंबर को मामला दर्ज किया गया। एफआईआर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 465 (जालसाजी) और 469 (प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से जालसाजी) तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 66सी और 66ई के तहत दर्ज की गई।
आरोपी ने वर्ष 2021 में इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग से बीटेक किया है। उसने 2019 में गूगल गैराज से डिजिटल मार्केटिंग में सर्टिफिकेट कोर्स किया। साथ ही वेब साइट डेवलपमेंट, फोटोशाप, यू-ट्यूब से वीडियो एडिटिंग आदि की भी ट्रेनिंग ली। इसके बाद उसने फोटोशाप, इंस्टाग्राम चैनल प्रमोशन, यू ट्यूब वीडियो निर्माण, सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन समेत कई डिजिटल की सेवाएं प्रदान करके घर से काम करना शुरू किया।
13 अक्तूबर को अपलोड किया वीडियो
आरोपी ने अभिनेत्री के नाम से फेसबुक पर एक फैन पेज बना रखा। रश्मिका के फैन पेज पर 90 हजार फालोअर्स थे, लेकिन अन्य पेज पर इससे अधिक फालोअर्स थे। ऐसे में फालोअर्स बढ़ाने के लिए उसने रश्मिका का डीपफेक वीडियो बनाया। उसने जारा का वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट से 12 अक्तूबर को लिया और उसके साथ छेड़छाड़ कर 13 अक्टूबर को फैन पेज पर पोस्ट किया। डीपफेक वीडियो की वजह से दो हफ्ते के अंदर उस पेज की फैन फालोइंग 90,000 से बढ़कर 1,08000 हो गई।
यू ट्यूब से सीखा वीडियो बनाना
आरोपी ने यू ट्यूब के एक चैनल से डीप फेक वीडियो बनाना सीखा था। अधिक फालोअर्स होने से पेज से आमदनी भी संभव है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि डीपफेक वीडियो अपलोड करने के बाद उसकी चर्चा हर कोई करने लगा उसे लगा कि यह राष्ट्रीय सनसनी बन गई है। रश्मिका समेत कई बड़ी फिल्मी हस्तियों ने एक्स पर उक्त वीडियो पर आपत्ति जताई थी।
मामला दर्ज कर जांच के लिए विशेष टीम गठित हुई। पुलिस ने गूगल से वीडियो काे अपलोड करने वालों की जानकारी मांगी। इसके आधार पर एक हजार करीब सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की गई। पुलिस टीम ने बिहार, पश्चिम बंगाल, राजस्थान समेत कई राज्यों में छापेमारी कर संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के बाद इंस्टाग्राम पर एक अकाउंट का पता लगा।