आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को लोकसभा चुनावों को लेकर अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में महात्मा गांधी के पोते राजमोहन गांधी को पूर्वी दिल्ली से टिकट दी गई है।
राजमोहन गांधी कांग्रेस के सांसद संदीप दीक्षित को चुनौती देंगे। 2009 में संदीप दीक्षित ने बीजेपी के चेतन चौहान को 241053 वोटो से हराया था।
78 साल के राजमोहन गांधी, महात्मा गांधी के सबसे छोटे बेटे, देवदास गांधी के सबसे बड़े बेटे हैं। राजमोहन गांधी ने 21 फरवरी को आम आदमी पार्टी को ज्वाइन किया है।
जरनैल सिंह का होगा पश्चिमी दिल्ली पर कब्जा
केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम पर साल 2009 में जूता फेंकने वाले पत्रकार जरनैल सिंह को आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है। आप ने लोकसभा चुनावों के लिए जो अपनी पहली सूची जारी की है उसमें जरनैल सिंह का नाम था।
जरनैल सिंह आप के पश्चिमी दिल्ली से उम्मीदवार होंगे। 16 फरवरी को आई पहली लिस्ट में नाम आने के बाद जरनैल सिंह ने कहा था मैंने पश्चिम दिल्ली से टिकट के लिए आवेदन किया था और मुझे सूचित किया गया कि मेरा चयन कर लिया गया है।
अप्रैल 2009 में सिंह ने तत्कालीन गृह मंत्री चिदंबरम पर 1984 के सिख विरोधी दंगों में कांग्रेस नेताओं को क्लीन चिट देने संबंधी उनके बयान को लेकर जूता फेंका था। सिंह उस समय एक राष्ट्रीय अखबार में पत्रकार थे।
आशुतोष और सिब्बल का होगा तगड़ा मुकाबला
आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व टीवी पत्रकार आशुतोष को पार्टी ने दिल्ली के चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र से टिकट दिया है। आशुतोष ने आईबीएन 7 के संपादक पद की नौकरी छोड़कर पार्टी को ज्वाइन किया है।
आशुतोष का जन्म 1965 में यूपी के मिर्जापुर में हुआ था। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से विज्ञान में स्नातक करने के बाद उन्होंने जवाहरलाल यूनिवर्सिटी दिल्ली से दर्शनशास्त्र में पीजी करने वाले आशुतोष चांदनी चौक से कांग्रेस के दिग्गज नेता और केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल को चुनौती देंगे।
हालांकि पार्टी के टिकट देने के बाद आप कार्यकर्ताओं ने ही आशुतोष का वहां विरोध करना शुरू कर दिया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी ने बाहरी आशुतोष को किस आधार पर चांदनी चौक का उम्मीदवार बनाया है।