बिजली आपूर्ति को लेकर नोएडा में रोजा याकूबपुर के लोगों ने सेक्टर-72 बिजली घर पर तोड़फोड़ की। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की।
वहीं, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में निर्माणाधीन बिल्डर प्रोजेक्ट के बिजली कनेक्शन काट दिए। बिजली विभाग ने तीन लोगों के खिलाफ थाना-58 में मामला दर्ज कराया है।
यह भी पढ़ें:इस शहर में सुअरों के आतंक से बढ़ी मुसीबत
गर्मी आते ही बिजली को लेकर बवाल शुरू हो गए। बृहस्पतिवार देर रात सेक्टर-72 बिजली घर पर शुरू हुआ बवाल शुक्रवार दोपहर तक चलता रहा। ग्रेटर नोएडा के रोजा याकूबपुर गांव में नोएडा से बिजली सप्लाई होती है। एक फीडर होने की वजह से अक्सर लोड बढ़ा रहता है।
बृहस्पतिवार रात रोजा याकुबपुर में बिजली चली गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने सेक्टर 72 बिजली घर को घेर लिया। वहां पर मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की और बिजली घर का सामान भी तोड़ दिया। इसके बाद ग्रामीण शुक्रवार दोपहर में फिर जमा हो गए और बिजली घर पर हंगामा किया।
यह भी पढ़ें:दोस्त के साथ मिलकर कंपनी से किया फ्रॉड
ग्रेटर नोएडा के अधिशासी अभियंता आरके बंसल ने बताया कि एक फीडर होने की वजह से दिक्कत है। प्राधिकरण से कई बार बात हुई लेकिन हल नहीं निकाला।
ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन उन्होंने बात सुनने की जगह ग्रेटर नोएडा वेस्ट की दस बिल्डर्स साइट का कनेक्शन काट दिया। मामला बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई और तीन लोगों के खिलाफ जेई आरसी गुप्ता ने एफआईआर दर्ज करवाई है। इसमें सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, सरकारी कर्मी से ड्यूटी पर मारपीट और सरकारी कार्यों में बाधा पहुंचने का आरोप दर्ज हुआ है।