मेरठ से 40 से अधिक सवारियों को लेकर गढ़ की ओर जा रही एक निजी बस गुरुवार की शाम कोतवाली क्षेत्र के गांव हिरनपुरा के सामने अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरी ओर पलट गई। हादसे में बस में सवार करीब 20 यात्री घायल हो गए। घटना के दौरान मची चीख-पुकार से आसपास में खड़े लोगों में भी हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी पुलिस को देकर यात्रियों को बस से निकालने का काम शुरू किया गया। पांच घायलों की गंभीर दशा को देखकर मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है। बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
मेरठ से आ रही बस में विभिन्न स्थानों को जाने वाली करीब 40 यात्री सवार थे। जैसे ही बस गढ़-मेरठ रोड पर गांव हिरनपुरा के निकट पहुंती तो अचानक तेज रफ्तार में चल रही बस का संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ने पर बस दूसरी ओर सड़क के बीच में जाकर पलट गई। सड़क के बीच में बस पलटने से उसमें सवार विशाल, नक्ष्य निवासी मेरठ, रिजवान निवासी किठौर, आयुष निवासी बुगरासी, कांस्टेबल जयपाल सिंह, कन्हैया निवासी झड़ीना, उदय सिंह, रोहित निवासी गांव रुखी भगवानपुर, आसिफ किठौर, नजरीन, जरा निवासी अहार, शंकर, लेखराज निवासी अल्लीपुर समेत 20 यात्री घायल हो गए। घायलों को राहगीरों ने पुलिस के सहयोग से स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां आसिफ, नजरीन, जरा, शंकर, लेखराज को गंभीर हालत में चिकित्सकों ने मेरठ के लिए रेफर कर दिया।