प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी उज्जवला योजना का लाभ यहां के 24 हजार परिवारों को मिलेगा। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा पात्रों का सर्वे कर लिस्ट बनाकर तैयार कर ली गई है।
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों की गैस एजेंसियों द्वारा पात्रों को फार्म वितरित किए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि दिसंबर से पात्रों को कनेक्शन देना शुरू कर दिया जाएगा।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक मई 2016 को उज्जवला योजना की शुरूआत की थी।
जिसमें बीपीएल कार्ड धारक महिलाओं को एलपीजी कनेक्शन मुफ्त में देने की योजना है। केंद्र सरकार अगले तीन वर्ष में 5 करोड़ गरीब महिलाओं को कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा है।
इसमें फरीदाबाद की करीब 24 हजार गरीब शहरी और ग्रामीण महिलाओं को लाभ मिलेगा। इस योजना का लाभ लेने के लिए अपने नजदीकी गैस एजेंसी से संपर्क कर मुफ्त में फार्म प्राप्त किया जा सकता है।
या फिर आवेदन पत्र ऑनलाइन भी डाउनलोड किया जा सकता है। दो पेज के आवेदन पत्र में महिला का नाम, पता , आधार नंबर, जनधन खाता की जानकारी देनी होगी।
गैस एजेंसियां वितरित कर रही हैं फार्म
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 31 गैस एजेंसियां संचालित हो रही हैं। सभी एजेंसियों पर केवाईसी फार्म वितरित किए जा रहे हैं।
इस योजना का लाभ उन्हीं परिवारों की महिलाओं को मिलेगा जिनका नाम सरकार की बीपीएल सूची में दर्ज हैं और उनका राशनकार्ड में नाम है। अधिकारी ने बताया कि जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में बीपीएल कार्ड धारकों की संख्या 61,343 है जिनमें से 30 हजार से अधिक परिवार कनेक्शन पहले ही ले चुके हैं।