होली के के चटख रंग में दिल्ली का बाजार रंग गया है। दो साल बाद हर तरफ होली त्योहार का धूम है। दिल्ली के बाजार में भी इन दिनों रौनक बढ़ गई है। कोई रंग-गुलाल खरीदने में मशगुल हैं तो कोई गुजिया। सदर बाजार रंग गुलाल से पटा है तो वहीं चांदनी चौक शुद्ध घी व ड्राइफ्रूट वाले गुजियों की महक बिखेर रहा है।
कोरोना संक्रमण की वजह से पिछले दो साल से बाजार में होली का रंग नहीं चढ़ रहा था। लेकिन इस साल जमकर होली की खरीदारी चल रही है। व्यापारियों के चेहरे पर सुकून है तो ग्राहक भी महंगाई की मार को दरकिरान करते हुए खरीदारी में जुटे है। इस होली कई तरह की पिचकारी बाजार में धूम मचा रही है। जिसमें डबल धार वाली पिचकारी, मूविंग गन वाली पिचकारी, रंगों वाले पटाखे, पानी की
जगह गुलाल उड़ाने वाले पिचकारी शामिल है। बच्चों को खासकर थ्री डी बार्बी डॉल पिचकारी, स्पाइडर मैन पिचकारी, बटर फ्लाई पिचकारी का खासा क्रेज है। पिंक डॉली पंप को खासतौर पर लोग पसंद कर रहे है। यह पिचकारी म्यूजिकल है। पानी के साथ होली का गाना भी इसमें बजता है।
महंगाई की मार भी कम नहीं
बाजार में आधे से अधिक स्टॉक बेशक पुराने हैं, लेकिन महंगाई की मार कम नहीं है। पिछले साल जो पिचकारी सौ रुपये में बिक्री की जा रही थी वह इस साल बढ़कर डेढ़ सौ रुपये तक हो गई है। ये खुदरा बाजार तक पहुंच कर और अधिक महंगी हो जा रही है। 100 रुपये से लेकर 700 रुपये तक के थोक बाजार में मिलने वाली पिचकारियों की कीमत खुदरा बाजार में पहुंचते ही 20-25 प्रतिशत तक बढ़ जा रही है।
गुजिए से सजा है बाजार
होली त्योहार में गुजिए की मांग भी बढ़ गई है। ड्राईफ्रूट वाले गुजिया तो खासतौर से लोग पसंद कर रहे है। मशहूर कंपनियों के साथ ही आम दुकानों पर भी गुजिया की विशेष पैकेजिंग के साथ बिक्री की जा रही है। गुजिया भी सिल्वर तवे में खूबसूरती के साथ पैक किया गया है। मधुमेय के रोगियों के लिए शक्कर मुक्त गुजिया भी बाजारों में मौजूद है। खजूर व अंजीर डाल कर तैयार किया जाता है। जो
स्वाद में मीठा तो होता है। लेकिन मधुमेय रोगियों को ज्यादा नुकसान नहीं करता है। बाजार में रोस्टेड गुजिया भी लोगों को लुभा रहा है।
हर्बल गुलाल की मांग भी कम नहीं
रंगों के त्योहार के लिए बाजारों में हर्बल गुलाल की जमकर बिक्री हो रही है। केमिकल वाले रंग-गुलाल से परहेज करने वाले इस तरह के गुलाल खरीद रहे हैं, जिसे गुलाब व गेंदे के फूल से तैयार किया गया है। ग्लिटरिंग गुलाल व तिरंगा गुलालों की भी खरीदारी जमकर हो रही है।
होली का रंग फीका नहीं पड़े, इसे लेकर व्यापारियों ने भी विशेष तैयारी की है। पिछले दो साल से हर त्योहार व्यापारियों के लिए भी फीका रहता था। लेकिन इस साल व्यापार बेहतर है। रंग, पिचकारी, गुलाल की बिक्री जमकर हो रही है। दिल्ली का गुजिया विदेशों में भी मशहूर है। इसकी भी जमकर खरीदारी चल रही है। हालांकि इस साल सभी आइटम पर महंगाई की मार है। 15-20 प्रतिशत तक होली
के सामान महंगे हो गए है।
-देवराज बावेजा, अध्यक्ष दिल्ली व्यापार महासंघ
दो साल बाद बाजार में रौनक बढ़ी है। होली के त्योहार में दिल्ली के साथ ही अन्य राज्यों से भी खरीदारी पहुंच रहे है। व्यापारियों को भी उम्मीद नहीं थी इस साल खरीदारी अच्छी होगी। इस वजह से बाजार में स्टॉक की कमी हो रही है।
-परमजीत सिंह पम्मा, चेयरमैन, फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन