बदमाश को पकड़ने के लिए एक पुलिसकर्मी को यात्री बनाया गया और जान बूझ कर उसके फोन को पेंट के पिछले जेब में रखकर टिकट खरीदने वाले कतार में खड़ा किया गया। जबकि अन्य पुलिसकर्मी उनपर निगरानी रख रहे थे।
सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने खुद की जेबतराशी करवाकर एक बदमाश को दबोच लिया। बदमाश की पहचान आनंद पर्वत निवासी शादाब के रूप में हुई है। बदमाश सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन पर जेबतराशी करता था और आईटीबीपी के एक हवलदार का मोबाइल चुरा लिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हवलदार का मोबाइल बरामद कर लिया है।
विज्ञापन
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आईटीबीपी में तैनात हवलदार टी सैमुअल ने सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन थाना पुलिस से मोबाइल चोरी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि वह सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन से हिसार एक्सप्रेस स्पेशल में चढ़ रहे थे, तभी किसी ने उसे धक्का दिया और उनका मोबाइल चुरा लिया। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया।
थाना प्रभारी उपाध्याय बाला शंकरन के नेतृत्व में पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। तकनीकी जांच से मोबाइल का लोकेशन सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन का ही आ रहा था। पुलिस ने बदमाश को पकड़ने के लिए योजना बनाई। हवलदार सुरजीत और सिपाही प्रीतम ने सादी वर्दी में उस जगह पर पहुंचे, जहां फोन का लोकेशन आ रहा था। एक पुलिसकर्मी को यात्री बनाया गया और जान बूझ कर अपने फोन को पेंट के पिछले जेब में रखकर टिकट खरीदने वाले कतार में खड़ा किया गया। जबकि अन्य पुलिसकर्मी उनपर निगरानी रख रहे थे। इसी दौरान बदमाश पुलिसकर्मी के पास आया और उनके जेब से फोन निकाल लिया। सिपाही ने तुरंत बदमाश शादाब को दबोच लिया।