जम्मू-कश्मीर के नेशनल कांफ्रेंस के नेता त्रिलोचन सिंह वजीर की हत्या के आरोपी बलबीर सिंह बल्ला ने हाईकोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की है। अदालत ने इस मुद्दे पर दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। न्यायमूर्ति सुधीर कुमार जैन ने पुलिस को मामले में विस्तृत स्थिति रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश देते हुए सुनवाई दो सितंबर के लिए स्थगित कर दी।
आरोपी बल्ला ने अपनी जमानत याचिका में कहा है कि उसे मामले में फंसाया गया है। वह सितंबर 2021 से हिरासत में है। आरोपी के अधिवक्ता हरप्रीत सिंह होरा ने कहा कि इस मामले की जांच पूरी हो चुकी है और हथियार बरामद किए जा चुके हैं। आरोपी पिछले दस महीने से हिरासत में है। इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी हरप्रीत सिंह खालसा अभी भी फरार है। पुलिस उसे गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही है।