भलस्वा डेयरी इलाके में कंटेनर में मिले शव के रहस्य को पुलिस ने सुलझा लिया है। मृतक की शिनाख्त केजरीवाल (45) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके दोस्त विरेंद्र को गिरफ्तार किया है। दोनों नशे के आदी थे और इनके बीच रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद था। दोनों फुटपाथ पर ही सोते थे। दोस्त की हत्या करने के बाद से आरोपी फरार हो गया था। सीसीटीवी कैमरे के जरिए पुलिस को आरोपी का सुराग मिला।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव पिपरिया कप्तान, लखीमपुर खीरी यूपी निवासी विरेंद्र उर्फ कालिया के रूप में हुई है। 27 मार्च को भलस्वा डेयरी पुलिस को जीटी करनाल रोड पर स्थित कैप्टन विक्रम बत्रा चौक (मुकरबा चौक) की ओर खड़े एक कंटेनर में रेत में दबा एक शव होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने कंटेनर के अंदर लगभग 40-45 साल के अज्ञात पुरुष का रेत में दबा शव को बरामद किया। शव क्षत-विक्षत हालत में था। पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाकर हत्या और साक्ष्य छुपाने का मामला दर्ज कर लिया।
जिला के स्पेशल स्टाफ प्रभारी पवन यादव को मामले की जांच सौंपी गई। कई टीम बनाकर पुलिस मृतक और आरोपी की पहचान करने में जुट गई। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज में कंटेनर में दो लोग घुसते हुए देखे गए, लेकिन केवल एक व्यक्ति को बाहर निकला। उस व्यक्ति के भागने के दिशा में पुलिस ने 50-60 कैमरों की फुटेज की जांच की। स्थानीय स्तर पर जांच में मृतक की पहचान केजरीवाल और आरोपी की विरेंद्र उर्फ कालिया उर्फ वेस्ट इंडीज के रूप में हुई।
लोगों ने बताया कि दोनों नशे के आदी थे। साथ ही पता चला कि दोनों जीटी करनाल रोड के फुटपाथ पर सोते थे। पुलिस ने आरोपी की जमुना बाजार, कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन सहित दिल्ली के सभी रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों जांच की। 11 अप्रैल को एएसआई नरेश को आरोपी के जीटी करनाल बाईपास के पास आने की जानकारी मिली, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि 2010 में वह लखीमपुर खीरी से दिल्ली आया था। वह कबाड़ी का काम करने लगा, लेकिन वह कमाई से संतुष्ट नहीं था और बुरी संगत में पड़ गया। नशे के लिए वह अपराध करने लगा। उसने बताया कि उसका मृतक केजरीवाल से पैसों को लेकर विवाद था, जिसकी वजह से उसने लात घूसों, पत्थरों और लाठियों से पीट-पीट कर हत्या कर दी।