प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या किए जाने की साजिश रचने की सूचना मिलने के बाद सनसनी फैल गई। बुधवार रात एक युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर इसकी जानकारी दी। इस सूचना के बाद पुलिस व खुफिया एजेंसी हरकत में आ गई।
पुलिस बुराड़ी व दिलशाद गार्डन इलाके से दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस उस युवक का पता लगा रही है, जिसने हत्या की साजिश रचने की बात फोन पर की थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बुधवार रात साढ़े ग्यारह बजे पीसीआर को एक कॉल मिली। फोन करने वाले ने बताया कि कुछ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या करने की साजिश रच रहे हैं। उसने साजिशकर्ताओं की बात सुनने का दावा किया।
पीसीआर ने इसकी सूचना तुरंत सीमापुरी थाना पुलिस को दी। तफ्तीश के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस फोन नंबर से सूचना दी गई थी वह बुराड़ी निवासी दिनेश के नाम पर है। पुलिस की एक टीम तुरंत बुराड़ी रवाना कर दी गई।