फरीदाबाद के सेक्टर-30 में पिछले पांच दिन से सीवर लाइन चोक होने से सड़कों पर पानी भर रहा है। नगर निगम अधिकारियों की अनदेखी से करीब सौ परिवारों पर बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
सड़कों पर स्थायी जलभराव से आवागमन तो बाधित है ही, बदबू और मच्छरों से लोगों का बुरा हाल है। नगर निगम में शिकायत के बाद भी हालात नहीं सुधरने से लोगों का गुस्सा बढ़ रहा है।
कहने को सोसायटी है और हालात गांव से भी बदतर। सेक्टर-30 में 580 फ्लैट संख्या के सामने मेनहोल उफनकर घरों के आगे जलभराव हो गया है। आसपास रह रहे लोगों का गर्मी में बदबू से बुरा हाल है।
आरडब्ल्यूए के पूर्व अध्यक्ष आईके बांगा ने बताया कि नगर निगम के अधीक्षण अभियंता और जेई से शिकायत के बाद भी हालात नहीं सुधर रहे। नीचे के फ्लोर पर भी दबाव बढ़ने पर पानी बैक कर रहा है।
जलभराव से सड़क भी खराब होने लगी है। यहां के निवासी गौरव ने बताया कि सुबह के समय पूरी सड़क पर पानी भरा रहता है। मजबूरी में ही लोग बाहर निकल रहे हैं। बच्चों को घर से नहीं निकलने दिया जा रहा है।