दिल्ली में ऑटो चालकों के दूरी और दाम के खेल में लोगों की जेब ढीली हो रही है। गुरु तेग बहादुर नगर मेट्रो स्टेशन से संत नगर की दूरी करीब साढ़े पांच किलोमीटर होगी। आमतौर पर यह सफर 70 से 80 रुपये में हो जाता था, लेकिन इनदिनों लोगों को 170 से 180 रुपये तक देने पड़ रहे हैं। पूछने पर ऑटो चालक कहते हैं कि सीएनजी महंगी होती जा रही है। ऐसे में किराया भी बढ़ेगा। अगर इनसे मीटर से चलने के लिए कहो तो चालक ऑटो ही आगे बढ़ा देते हैं, मानों नियमों की कोई परवाह ही न हो।
ऑटो चालकों की इस मनमानी को लेकर जब दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से किराया पूछा गया तो लगभग सभी जगह एक जैसी स्थिति देखने को मिली। सीएनजी के दाम बढ़ने की आड़ में एक तो ऑटो चालकों के किराए में कोई समानता नहीं मिली। दूसरी बात यह कि कोई भी मीटर से चलने को तैयार नहीं। एक समान दूरी के लिए अलग अलग किराया लिया जा रहा है।