सीमापुरी इलाके में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर 40 साल की एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पति के दोस्त समेत तीन आरोपियों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगा है। महिला का आरोप है कि इन लोगों ने उसका अश्लील वीडियो बनाकर उसकी तीन नाबालिग बेटियों को भी अगवा कर लिया।
महिला का बयान लेकर सीमापुरी थाना पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट, अगवा करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी इनाम, टोनी और गुलजार नामक आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक 40 वर्षीय पीड़िता अपने पति के साथ गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रहती थी। पति से उसका विवाद चल रहा था। इसलिए करीब पांच साल से वह अपनी तीनों नाबालिग बेटियों के साथ दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में महिला दोस्त के साथ रह रही थी। एक मार्च को वह अपने मायके मुरादाराबाद जाने के लिए घर से आनंद विहार के लिए निकली।
इस बीच उसे पति का दोस्त इनाम मिल गया। उसने इनाम को आपबीती सुनाई। आरोपी ने उससे कहा कि वह सीमापुरी के पास शहीद नगर में उसे कमरा दिला देगा और नौकरी भी लगवा देगा। पीड़िता आरोपी के झांसे में आ गई। आरोपी ने उसे कमरा दिला दिया। इस बीच चार मार्च को नौकरी दिलवाने की बात कर उसे पुरानी सीमापुरी में बुलाया। वहां इनाम के साथ उसके दोस्त टोनी और गुलजार भी मौजूद थे।