गाजियाबाद के विजयनगर में शादी समारोह में डीजे पर डांस करते हुए अंटी में लगी लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली से समय सिंह यादव (40) की जान चली गई।
समय सिंह खोड़ा के रहने वाले थे और दूल्हे के फूफा लगते थे। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी है।
पुलिस नोएडा के फोर्टिज अस्पताल से आए मीमो से घटना का पता चला। एसओ अवधेश प्रताप ने बताया कि घटना शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे की है।
डीजे डांस में था मशगूल
विजयनगर के प्रताप विहार में शादी समारोह चल रहा था। राहुल विहार के रहने वाले बिजेंद्र यादव के बेटे मोनू की बारात आई हुई थी। मोनू के फूफा समय सिंह डीजे पर डांस कर रहे थे।
उनकी अंटी में पिस्टल लगी थी, जिसकी नाल पेट की तरफ थी। डांस करते हुए अचानक गोली चल गई। गोली उनके पेट में लगी।
इससे समारोह में खलबली मच गई। गंभीर हालत में उन्हें नोएडा के फोर्टिज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। नोएडा पुलिस ने उनके पोस्टमार्टम की औपचारिकता पूरी की।
डीजे बजाने पर हत्या, मकान ढहाया
गुड़गांव से सटे मेवात जिले के सलंबा गांव में शनिवार को दिन में हुई शादी के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष के लोगों ने गोली चलाई जिसमें ताहिर नाम के युवक की मौत हो गई। परिजनों की ओर से गांव के 18 लोगों के खिलाफ हत्या व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया गया था।
घटना के बाद आरोपी पक्ष के लोग घर छोड़ कर चले गए थे। इसी दौरान पीड़ित पक्ष के लोगों को पता चला कि ताहिर की हत्या में गांव के साजिद और आबिद का अधिक भूमिका थी। इनमें एक पर गोली चलाने व दूसरे पर वारदात के बाद उसे बाइक से फरार होने में मदद का आरोप है। इस बात पर आक्रोशित लोगों ने सुबह ही उनके घर पर धावा बोल दिया। तोड़फोड़ करने के बाद पूरा मकान ढहा दिया।
साथ ही उनका कीमती सामान भी नष्ट कर दिया। इस घटना से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। मेवात के पुलिस अधीक्षक सिमरदीप के अनुसार, उनके संज्ञान में मामला नहीं है। मामले की जांच चल रही है। दोषी पाए जाने पर दूसरे पक्ष के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।