फरीदाबाद में हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने विरोधियों पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि उन्हें सिर्फ तीन लोग ही मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटा सकते हैं। इनके नाम हैं जनता, सोनिया गांधी और विधायक। चौथे किसी व्यक्ति के बूते की बात नहीं है कि वह उन्हें हटा दे।
हुड्डा ने बल्लभगढ़ में मुख्य संसदीय सचिव शारदा राठौर द्वारा आयोजित रैली में यह बात कही। उन्होंने कहा, ‘मैंने गुजरात मॉडल को फेल कर दिया, इसलिए इससे जुड़े लोगों ने नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं को हवा दी। ताकि प्रदेश में कांग्रेस कमजोर पड़ जाए।’
सभा के बाद पंजाबी धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में सीएम ने कहा कि वीरेंद्र सिंह, सैलजा और अवतार सिंह भड़ाना जैसे नेताओं की बात उन्हीं से पूछिए। इनमें से कुछ लोग दिन में ही मुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सदस्य कुमारी सैलजा तथा वीरेंद्र सिंह से उनके मतभेद हो सकते हैं मनभेद नहीं। चुनाव में ये लोग साथ मिलकर काम करेंगे।
'सोनिया मैडम से होती रहती बात'
सोनिया गांधी से उनकी मुलाकात को लेकर एक प्रश्न के उत्तर में हुड्डा ने स्पष्ट किया कि विकास संबंधी विषयों को लेकर उनकी यूपीए अध्यक्ष से मुलाकात होती रहती है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में असली मुकाबला भाजपा से होगा। उनकी पार्टी को ही इस बार बहुमत मिलेगा।
विधानसभा चुनाव के लिए दो लाख कार्यकर्ताओं की फौज तैयार की जा रही है। सरकार आने पर इनके हाथ में ही नौकरशाहों की लगाम रहेगी।
हुड्डा ने केंद्र सरकार पर व्यंग्य करते हुए कहा ‘देखो एनडीए का खेल, महंगी रेल महंगा तेल, सरकार 25 दिन में हो गई फेल।’ उन्होंने कहा कि भाजपा गरीबों को परेशान करने के लिए अभी गैस के दाम भी बढ़ाएगी। इसलिए अगर जनता उन्हें विधानसभा में मजबूत करेगी तो वे भाजपा की जनविरोधी नीतियों का विरोध करेंगे।
मार्च 2017 में बल्लभगढ़ तक दौड़ेगी मेट्रो
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को बल्लभगढ़ बस डिपो परिसर में वाईएमसीए-बल्लभगढ़ मेट्रो एक्सटेंशन की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रोजेक्ट पर कुल 501 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसमें प्रदेश सरकार ने 468.20 करोड़ रुपये डीएमआरसी (दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन) को सौंप दिए हैं। बल्लभगढ़ तक मेट्रो ट्रेन मार्च 2017 तक दौड़ने लगेगी।
इस प्रोजेक्ट के तहत 3.2 किलोमीटर मेट्रो लाइन का विस्तार होगा। लाइन पर दो मेट्रो स्टेशन एनसीबी (नेशनल काउंसिल फॉर सीमेंट एंड बिल्डिंग मटीरियल) और बल्लभगढ़ तैयार होंगे। बल्लभगढ़ का मेट्रो स्टेशन फरीदाबाद में सबसे बड़ा होगा। फरीदाबाद में मेट्रो प्रोजेक्ट पर प्रदेश सरकार अपनी हिस्सेदारी के रूप में कुल 2000 करोड़ रुपये खर्च कर रही है।