राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आईटीओ इलाके में ऑटो रिक्शा ड्राइवर और उसके साथियों द्वारा महिला सवारी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इस मामले में आरोपी ऑटो रिक्शा ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने रविवार को बताया कि 27 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि वह शनिवार सुबह उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके से कश्मीरी गेट के लिए ऑटो रिक्शा में सवार हुई थी। इसके बाद ऑटो ड्राइवर ऑटो आईटीओ क्षेत्र में ले गया जहां उसने व तीन अन्य लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
महिला ने बताया कि इसके बाद ऑटो ड्राइवर ने उसे कश्मीरी गेट पर छोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता यूपी के संभल की रहने वाली है और किसी काम से दिल्ली आई थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के अनुसार, महिला को आईटीओ-यमुना पुल के पास एक कमरे में ले जाया गया, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पूछताछ में आरोपी ड्राइवर ने दावा किया कि उसने केवल एक दोस्त को फोन किया था, लेकिन महिला ने आरोप लगाया कि वहां दो और आदमी थे।
पीड़िता की शिकायत पर आईपी एस्टेट थाने में सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसकी मेडिकल जांच कराई गई है। पुलिस ने कहा कि महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।