मयूर विहार फेज-3 स्थित विद्या बाल भवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के उप प्रधानाचार्य डॉ निशांत ने बताया कि स्कूलों में नर्सरी दाखिला को लेकर अभिभावक लगातार आ रहे हैं। ऐसे में कई लोग हैं, जो आखिरी समय में दाखिला फॉर्म जमा कराते हैं। उन्हें ध्यान देना होगा कि अगर वह 15 दिसंबर के बाद फॉर्म देंगे तो उसे माना नहीं जाएगा। डॉ निशांत ने बताया कि उनके स्कूल में ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों मोड में दाखिला फॉर्म भरा जा रहा है। ऐसे में ऑनलाइन फॉर्म की संख्या 153 है। जबकि ऑफलाइन माध्यम से फॉर्म भरने वालों की संख्या 212 है।
आठ दिसंबर तक देना होगा सीटों का ब्योरा
निजी स्कूलों को आठ दिसंबर तक सीटों का ब्योरा शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। कोई भी स्कूल सीटों की जानकारी छिपा नहीं सकता है। शिक्षा निदेशालय का आदेश है कि प्रवेश स्तर की कक्षाओं की सीटों की संख्या पिछले तीन शैक्षणिक सत्र की उच्चतम संख्या से कम नहीं होना चाहिए। स्कूलों को आठ दिसंबर तक प्रत्येक कक्षा की कुल सीटें, सामान्य श्रेणी की कुल सीटें और 25 प्रतिशत सीटें आर्थिक रूप से कमजोर व वंचित वर्ग की सीटों का ब्योरा देना होगा। इसके बाद शिक्षा निदेशक 19 दिसंबर तक स्कूलों की ओर से घोषित सीटों को लेकर ऑनलाइन और ऑफलाइन उपलब्ध कराई जानकारी की तुलना करेंगे और सीटों की पूर्णता से लेकर सीटों की गणना का सत्यापन किया जाएगा।
आधार कार्ड के बिना भी हो जाएगा दाखिला
माउंट आबू पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य ज्योति अरोड़ा ने बताया कि नर्सरी दाखिले के लिए छात्र की जन्म तिथि व पते का होना जरूरी है। इसके लिए वह जन्म प्रमाण पत्र का प्रणाम देकर दाखिला के लिए आवेदन कर सकते हैं। आधार कार्ड के बिना भी उनके बच्चे का दाखिला हो सकता है।