युगांडा की महिलाओं को इंसाफ दिलाने के बहाने एक बार फिर आम आदमी पार्टी के निशाने पर दिल्ली पुलिस है।
पार्टी ने दिल्ली पुलिस आयुक्त पर हमला बोलते हुए सवाल उठाया है कि वेश्यावृत्ति में ढकेली जाने वाली युवतियों को बचाने के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं। साथ ही, नरेंद्र मोदी व अरुण जेटली से इस बारे में सफाई मांगी है। इसी सिलसिले में पार्टी बुधवार को जंतर-मंतर पर धरना देगी।
पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने बताया कि युगांडा की तीन युवतियों ने अदालत में बयान दर्ज कराया है कि उन्हें वेश्यावृत्ति में ढकेला जा रहा है। मामला खिड़की एक्सटेंशन का है। इससे साफ है कि पार्टी और स्थानीय निवासियों की तरफ से इलाके में ड्रग्स व सेक्स रैकेट के खिलाफ उठी आवाज सही थी।
दिल्ली पुलिस के खिलाफ पार्टी का संघर्ष जायज था। पुलिस आयुक्त को इसका स्पष्टीकरण देना चाहिए कि स्थानीय निवासियों और युगांडा की युवतियों की शिकायतों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है। रैकेट में शामिल कितने लोगों की अभी तक गिरफ्तारी की गई है। साथ ही, धरने के दौरान पार्टी के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले नरेंद्र मोदी व इस मुद्दे पर एक ब्लॉग लिखने वाले अरुण जेटली के साथ राज्य व राष्ट्रीय महिला आयोग को भी सफाई देनी चाहिए।
बुधवार को युगांडा की युवतियों को इंसाफ दिलाने व दिल्ली पुलिस का असली चेहरा जनता के सामने लाने के लिए आप पार्टी जंतर-मंतर पर धरना देगी। इस दौरान दिल्ली पुलिस से सांठगांठ करने वाले सेक्स रैकेट माफियाओं की करतूत भी बताई जाएगी।