एयरपोर्ट की साइट पर पहुंचे युवाओं को सुरक्षाकर्मी और पुलिस ने समझाकर वापस भेजा। साइट पर सुरक्षा गार्ड, हेल्पर, आईटीआई पास तकनीशियन की भर्ती के लिए पहुंचे थे युवा।
नोएडा एयरपोर्ट के निर्माण की जिम्मेदारी संभालने वाली टाटा प्रोजेक्ट्स कंपनी में भर्ती की अफवाह पर मंगलवार को बेरोजगार युवा उमड़ पड़े। बड़ी संख्या में युवा शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अन्य कागजात लेकर नौकरी की लालसा में एयरपोर्ट की साइट पर पहुंचे। युवाओं का कहना था कि उन्हें जानकारी मिली है कि टाटा प्रोजेक्ट्स विभिन्न पदों पर सीधी भर्ती कर रही है। इस पर यहां तैनात निजी सुरक्षाकर्मी और पुलिस ने युवाओं को समझाकर वापस भेजा।
विज्ञापन
जेवर में कंपनी ने एयरपोर्ट साइट पर कार्यालय तैयार कर काम शुरू करने की योजना बना रही है। मंगलवार को कंपनी में सुरक्षाकर्मी, हेल्पर और तकनीशियन के पदों पर भर्ती की झूठी खबर फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में युवा बायोडाटा और कागजात लेकर साइट पर पहुंच गए।
अफवाह की जानकारी होने पर युवाओं ने शोर-शराबा शुरू कर दिया। सूचना पहुंची पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह से युवाओं की भीड़ को समझाकर वापस किया। युवाओं ने बताया कि सोशल मीडिया पर किसी मैसेज के वायरल होने पर टाटा प्रोजेक्ट्स में नौकरी की अफवाह फैली थी। हालांकि ऐसा कोई मैसेज सामने नहीं आया। संवाद
विज्ञापन
अफवाह की वजह से एयरपोर्ट की साइट पर मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में युवा पहुंच गए थे। उन्हें समझा बुझाकर वापस भेज दिया गया है। युवाओं से अपील है कि अधिकारिक सूचना के बिना इस तरह की किसी भी झूठी खबर पर ध्यान न दें।