अवैध रूप से रह रहे चीन के नागरिकों की गिरफ्तारी के मामले में रवि नटवरलाल की एमबीबीएस मंगेतर इब्बानी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अब, पुलिस इब्बानी के मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराएगी।
अधिवक्ता केके भाटी ने बताया कि चीन में एमबीबीएस करने के दौरान से ही रवि और इब्बानी की पहचान है। हाल ही में दोनों का रिश्ता पक्का हुआ था। इब्बानी को अदालत में पेश करने के बाद ही जमानत मिल गई थी। इसके बाद उसका मोबाइल वापस करने के लिए कोर्ट में याचिका दी गई थी। इस पर बीटा-2 थाना पुलिस ने कोर्ट से कहा है कि मोबाइल से चैटिंग की गई है। मोबाइल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित करने हैं। इस कारण फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।
ढाई किलो चिप प्रोसेसर, रैम आदि की भी होगी जांच
आरोपियों की निशानदेही पर बरामद ढाई किलो चिप प्रोसेसर, चिप रोम, रैम के अलावा तीन पेन ड्राइव, लैपटॉप, माइक्रोसॉफ्ट सरफेस बरामद किए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि डाटा हासिल कर मामले की तह तक जाने के लिए इनका भी फोरेंसिक परीक्षण होगा।
7 जुलाई को ग्रेनो लाए जाएंगे चीन के दोनों नागरिक
नेपाल बार्डर से 11 जून को जासूसी के शक में गिरफ्तार किए गए चीन के लु लैंग और यू हेलंग को जिला अदालत में पेश किया जाएगा। एसटीएफ के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लाया जाएगा। इसके बाद उनके रिमांड की मांग की जाएगी। सात जुलाई को ही रवि का दूसरा रिमांड पूरा होगा। ऐसे में संभावना है कि चीन के नागरिकों और रवि को आमने-सामने बैठाकर एसटीएफ पूछताछ कर सकती है।