20 से ज्यादा वार किए, तमाशबीन बने रहे लोग, वारदात की वीडियो वायरल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बदरपुर में बदसलूकी के विरोध पर दो युवकों ने सुमित गौतम (18) पर चाकू से 20 से ज्यादा वार कर दिए। सुमित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। शाहबाद डेयरी इलाके में साक्षी की हत्या की तरह इस घटना में भी लोग तमाशबीन बने रहे। वारदात की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। बदरपुर थाना पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि एक आरोपी जितेंद्र बदरपुर इलाके का घोषित बदमाश है।
पुलिस के अनुसार, बदरपुर में परिवार के साथ रहने वाला सुमित शुक्रवार दोपहर कुछ सामान लेने बाहर निकला था। जब वह मोहन बाबा नगर की गली नंबर 9 में पहुंचा तो जितेंद्र अपने एक दोस्त के साथ मिल गया। जितेंद्र ने सुमित को रोककर बदसलूकी की। सुमित ने विरोध किया तो आरोपी झगड़ा करने लगे। आरोपियों ने पहले सुमित की जमकर पिटाई की, फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि पहले एक आरोपी चाकू से वार करता है। इसके बाद दूसरा युवक वार करने लगता है। पुलिस ने सुमित को एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि सुमित पर चाकू से काफी बार किए गए हैं जब बदरपुर थाना पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।