उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले के दनकौर कोतवाली इलाके के पीपलका गांव के करीब 13 दिन पहले जंगल में ककौड़ के अमीपुर बांगर गांव निवासी ओमवीर का क्षत-विक्षत शव मिला था। मंगलवार को पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए ओमवीर के दोस्त जुनैदपुर निवासी बंटी को गांव से गिरफ्तार किया है।
बंटी ने चांटा मारने का बदला लेने के लिए ओमवीर का गला घोटकर हत्या की थी। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त अंगोछा व तमंचा पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, ओमवीर कार चालक था। 17 मार्च को वह नौकरी पर गया था, लेकिन घर नहीं लौटा।
परिजनों ने 20 मार्च को बीटा-2 कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 22 मार्च को उसकी बाइक हतेवा गांव से बरामद हुई थी। 24 मार्च देर शाम क्षत-विक्षत हालत में उसका शव पीपलका गांव के जंगल में मिला था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हत्यारों की तलाश शुरू की थी।
कोतवाली प्रभारी अनिल पांडे ने बताया कि करीब 6 माह पहले शराब के एक ठेके पर ओमवीर की बंटी से दोस्ती हुई थी। इसके बाद से दोनों अक्सर शराब पार्टी करने लगे थे। 17 मार्च को भी बंटी ने ओमवीर को फोन कर बुलाया था। इसके बाद दनकौर से शराब खरीदी और पीपलका गांव में पीने लगे। इस दौरान एक अन्य दोस्त भी आ गया।