ग्रेटर नोएडा। विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार खत्म होने की समयसीमा नजदीक आने से प्रत्याशियों के दिलों की धड़कन भी तेज होने लगी है। प्रत्याशी प्रचार के लिए सभी तरह के हथकंडे अपना कर अधिक से अधिक मतदाताओं तक अपनी बात पहुुंचाने की कोशिश में जुटे हैं। प्रत्याशियों ने प्रचार का जिम्मा पब्लिक रिलेशन (पीआर) कंपनियों के साथ महिलाओं की एक टीम को दे रखा है, जो हर 20 से 25 मिनट में मतदाताओं को फोन कर वोट मांग रही हैं। चुनाव के दौरान पीआर कंपनियों की चांदी हो गई है। कई पीआर कंपनियों ने टेलीकॉलिंग का जिम्मा ले लिया है।
वह मतदाताओं के मोबाइल पर घंटी बजाकर प्रत्याशियों की आवाज सुना रहे हैं, जो अपने समर्थन में वोट मांग रहे हैं। प्रचार के लिए प्रत्याशियों ने कार्यालय पर एक महिला टीम भी तैनात कर रखी है, जो हर 20 से 25 मिनट में मतदाताओं के फोन की घंटी बजाकर प्रत्याशी के पक्ष में वोट मांग रही हैं। सभी बड़े राजनीतिक दल के प्रत्याशी इसमें अग्रिम पंक्तियों में शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने डोर-टू-डोर प्रचार में भी पूरी ताकत झोंक रखी है। दस फरवरी को जिले के तीनों विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। इसके लिए जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। जिले के तीनों विधानसभा सीटों पर 566 मतदान केंद्रों पर कुल 1840 मतदान बूथ बनाए गए हैं। इनमें से 45 केंद्र अतिसंवेदनशील और 49 संवेदनशील केंद्र हैं।
एबीवीपी ने चलाया मतदाता जागरूकता अभियान
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की नोएडा महानगर इकाई द्वारा सेक्टर-10 में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें लोगों को राष्ट्र हित में मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर पत्र वितरित किए। इनमें महिला सुरक्षा, शिक्षा, रोजगार और कानून व्यवस्था से संबंधित मुद्दों पर जागरूक रहने और मतदान का संदेश दिया गया। प्रांत सह संगठन मंत्री तरुण सिंह ने कहा कि यह लोकतंत्र का पर्व है। इसमें सभी नागरिकों को हिस्सा लेना चाहिए। 10 फरवरी को मतदान केंद्रों पर ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग करें। नोएडा के विभाग संयोजक पिंटू कौशिक ने कहा कि संगठन ने संकल्प लिया है की जागरूकता अभियान चलाकर रिकॉर्ड मतदान कराएंगे। इस दौरान महानगर मंत्री जयंत झा, निकेत, अभय, चंचल, गौरव, भावना, दीपक, गोपाल गुप्ता, राजकुमार, सन्नी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।