नोएडा। फेज-थ्री कोतवाली क्षेत्र के गढ़ी चौखंड़ी गांव में दुकान के बाहर पटाखे जलाने का विरोध करने पर एक युवक को गोली मार दी गई। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, गढ़ी चौखंडी निवासी राजकुमार ट्रेवल एजेंसी चलाता है। बृहस्पतिवार रात को वह ऑफिस में बैठा था। आरोप है कि इस दौरान सुनील पटाखा जलाने लगा। राजकुमार के मना करने पर सुनील पड़ोसी दुकानदार राजवीर के सामने पटाखे जलाने लगा। इस पर राजवीर ने विरोध किया तो सुनील ने अभद्रता कर दी। इसी बात पर राजवीर के भांजे और सुनील में मारपीट हो गई। आसपास के लोगों ने बीचबचाव कराकर मामला शांत करा दिया। कुछ देर बाद सुनील अन्य साथियों गोपाल, राजकुमार और श्रीप्रसाद को बुलाकर लाया और राजवीर की दुकान के सामने पटाखे जलाने लगा। विरोध पर मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद राजकुमार ने लाइसेंसी पिस्टल से हवा में दो गोलियां चला दीं।
राजवीर के भांजे विनीत ने इसका विरोध किया तो राजकुमार ने फिर से पिस्टल से गोली चला दी जो विनीत के पेट में लग गई। इस पर सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद गोपाल व राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया। सुनील और श्रीप्रसाद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। राजकुमार की पिस्टल का लाइसेंस निरस्त कराने के लिए भी रिपोर्ट भेजी जा रही है।