नोएडा। साइबर जालसाज ने नोएडा निवासी शख्स का अमेरिका में रहनेवाला रिश्तेदार बनकर व्हाट्सएप चैट करना शुरू किया। विदेशी नंबर से आने वाले व्हाट्सएप पर उसके रिश्तेदार की तस्वीर लगी थी। कुछ दिन बातचीत होने पर रिश्तेदार ने व्यापार में घाटा होने की बात कहकर 6500 डॉलर (करीब 5 लाख रुपये) की मदद मांगी। सेक्टर-75 निवासी हरि प्रसाद ने दिए गए अकाउंट में पैसे ट्रांसफर कर दिए। कुछ दिनों बाद जब उनकी अमेरिका में रहने वाले रिश्तेदार अनिल से बात हुई तो फर्जीवाड़े का पता चला। मामले में पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं एक अन्य मामले में सेक्टर-39 निवासी का फॉरेक्स कार्ड चालू करने के नाम पर 1847 डॉलर (करीब 1.46 लाख रुपये) की ठगी की गई। पुलिस के मुताबिक सेक्टर-39 निवासी सत्येंद्र पाल सिंह का आईसीआईसीआई का फॉरेक्स कार्ड एक्सपायर हो गया था। कार्ड चालू कराने के लिए एक शख्स का फोन आया था। उसने कार्ड चालू कराने के नाम पर अलग अलग मदों में 1847 डॉलर ले लिए। इसके बाद से पीड़ित का कोई संपर्क नहीं हुआ। इस मामले में पुलिस से शिकायत की गई है।
रकम दोगुना करने का झांसा देकर एक करोड़ ठगे
नोएडा। छह माह में रकम दोगुना कराने के नाम पर सैकड़ों लोगों से एक करोड़ रुपये से ज्यादा ठग लिए गए। ठगों ने सेक्टर-63 में कंपनी खोलकर प्रॉपर्टी में निवेश करने का झांसा दिया था। पीड़ितों ने कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस से शिकायत की है। पुलिस का कहना है कि ठगों ने कई लोगों को मैसेज भेजकर और कॉल करके 6 माह में रकम दोगुना करने का झांसा दिया। लोगों को बताया गया कि अलग-अलग शहरों में प्रॉपर्टी में निवेश कर अधिक धन कमाया जा सकता है। आरोपियों ने इसके लिए सोशल मीडिया पर भी विज्ञापन दिया और सैकड़ों लोगों से एक करोड़ रुपये ज्यादा ठग लिए। इसके बाद आरोपी कंपनी बंद कर फरार हो गए।