रबूपुरा। एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद परिजनों ने लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल के गेट पर शव रख दिया। घटना की मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अस्पताल संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने पर अड़े रहे। देर रात तक प्रदर्शन जारी रहा।
भाईपुर गांव निवासी शिव सिंह की पत्नी रीना (25) को प्रसव के लिए मंगलवार दोपहर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रात में प्रसव के दौरान महिला की तबीयत बिगड़ने लगी तो डॉक्टर ने उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बुलंदशहर के निजी अस्पताल में महिला ने बच्चे को जन्म दिया, लेकिन बुधवार शाम को रीना की मौत हो गई। डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि पहले अस्पताल में कुछ लापरवाही बरती गई थी। इस बात से गुस्साए परिजन रबूपुरा स्थित अस्पताल पहुंच गए और संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव गेट पर रखकर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों को आश्वासन दिया गया है कि यदि वह अस्पताल संचालक पर कार्रवाई कराना चाहते हैं तो लिखित में शिकायत दें।