यूपी में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए मतदान रविवार को होना है। शुक्रवार को कांग्रेस ने प्रतिज्ञा वर्चुअल महारैली का आयोजन किया। रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा नेता कहते हैं कि कांग्रेस ने 70 सालों में क्या किया। अगर कांग्रेस ने कुछ बनाया नहीं होता तो भाजपा बेचती क्या। भाजपा सरकार छोटे से लेकर बड़ी कंपनियों को बेची जा रही है और जो बची हैं, वे भी बेचने की योजना है। भाजपा की नीतियों ने देश और प्रदेश में बोरजगारी और महंगाई बढ़ा दी है। आम लोगों को कोई बुनियादी सुविधा नहीं मिल रही है।
उन्होंने कहा कि नेता का धर्म होता है जनता की सेवा करना, लेकिन ये भाजपा नेता अपना धर्म भूल चुके हैं। जब जनता पर संकट आया तब वे बाहर ही नहीं निकले, न जनता से पूछा कि वे किस हाल में हैं। तब कांग्रेस सड़कों पर लोगों की मदद कर रही थी।
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाएगा
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में नौजवानों की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है। ऐसे नौजवान है जिन्होंने अपनी जिंदगी के कई साल गवा दिए लेकिन रोजगार नहीं मिल रहा। इस सरकार में परीक्षाएं लटकाई गई भर्तियां रद्द होती है, पेपर लीक हो रहे हैं। कांग्रेस की सरकार बनी तो भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाएगा और निगरानी के लिए भर्ती आयोग बनाया जाएगा।
जनता के मुद्दों पर कहीं चर्चा नहीं होती है
आगे अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा, 'आज उत्तर प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है। जहां-जहां मैं जाती हूं, ऐसी कई महिलाएं मिलती हैं, जिन पर अत्याचार हुआ है। सबसे पहली चीज मुझे यह बताई जाती है कि दीदी प्रशासन-पुलिस ने हमारी मदद नहीं की, जिसने अत्याचार किया उसकी मदद हो रही है। हम रिपोर्ट दर्ज कराने जाते हैं, तो मना कर दिया जाता है।' उन्होंने कहा कि चुनाव में रोजगार, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, दलितों की सुरक्षा और महंगाई को कम करने की बातें नहीं होती हैं।