हम आपके समक्ष दिनभर के महत्वपूर्ण समाचार लेकर आए हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली दौरे पर हैं, जहां सोमवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। वहीं योगी सरकार ने पुलिस भर्ती में आयु सीमा को लेकर अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है। दूसरी ओर आगरा-ग्वालियर हाईवे पर आधा दर्जन वाहनों की आपस में टक्कर हो गई, इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। उधर भाजपा नेता संगीत सोम को बांग्लादेश से धमकी मिलने का मामला सामने आया है।
दिल्ली पहुंचे सीएम योगी ने पीएम मोदी से की मुलाकात
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ दिल्ली दौरे पर हैं। सोमवार को उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात की है। इसके बाद केंद्रीय मंत्री नड्डा से शिष्टाचार भेंट की। इन मुलाकातों के बाद अब मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो चली हैं। बीते दिनों सीएम योगी के आवास पर भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ इस मामले पर लंबी बैठक हुई थी। आज इसी सिलसिले में सीएम योगी भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात कर सकते हैं। भाजपा सूत्रों के अनुसार, सीएम योगी अभी तक नितिन नबीन से नहीं मिले हैं। वह उनके साथ उनकी पहली औपचारिक मुलाकात भी है। राजनीतिक गलियारों से चर्चाएं यह भी आ रही हैं कि नितिन नबीन के साथ सीएम कैबिनेट के विस्तार पर भी चर्चा कर सकते हैं।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
पुलिस भर्ती में आयु सीमा पर राहत
उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं को योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़ी राहत दी है। अभ्यर्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर प्रस्तावित सीधी भर्ती-2025 के लिए अधिकतम आयु सीमा में एकमुश्त तीन वर्ष का शिथिलीकरण प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है। सीधी भर्ती-2025 के अंतर्गत कुल 32,679 पदों को भरे जाने के लिए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
आगरा-ग्वालियर हाईवे पर कोहरे का कहर
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। ग्वालियर हाईवे पर घने कोहरे की वजह से आधा दर्जन वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, थाना इरादत नगर क्षेत्र के गांव नगला इमली के पास तड़के एक के बाद एक करीब आधा दर्जन वाहन आपस में टकरा गए। इस भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
भाजपा नेता संगीत सोम को बांग्लादेश से धमकी
पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता ठाकुर संगीत सोम को बांग्लादेश से धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। धमकी भरे फोन कॉल, मैसेज और वीडियो कॉल मिलने के बाद उन्होंने सरधना थाने में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। भाजपा नेता संगीत सोम ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 8 बजे उन्हें धमकी भरे मैसेज और वीडियो कॉल प्राप्त हुए। इन कॉल्स और मैसेज में उन्हें जान से मारने के साथ-साथ कुछ प्रमुख न्यूज चैनलों को उड़ाने की धमकी दी गई। उन्होंने सभी संदिग्ध नंबर पुलिस को जांच के लिए सौंप दिए हैं।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
मऊआइमा में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या
प्रयागराज में रविवार को बड़ी घटना हो गई। एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई। उनकी लाश घर के पास कुएं में मिली। तीनों शुक्रवार शाम से ही लापता थे। घटना को परिवार के ही युवक ने अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि बड़े बेटे ने पिता, बहन और भांजी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी और शव घर के पास कुएं में फेंक दिया था। घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। डॉग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए। घटना के पीछे भूमि विवाद बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक पिता-पुत्र में संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर