ग्रेटर नोएडा पहुंचे चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मैं एक युवा हूं। मैंने जीवन में सिर्फ लड़ना सीखा है। मैंने व्यक्तिगत या राजनीतिक सुख की परवाह नहीं की। पिछले दिनों में मीडिया से बात करते हुए मैं भावुक भी हुआ।
पांच सालों में बहुत कुछ खोया
उन्होंने कहा कि मैंने पिछले पांच सालों में बहुत कुछ खोया है। चाहे वह हाथरस का मामला हो या फिर प्रयागराज, आगरा, लखीमपुर और शाहीन बाग का हो। झुका तो मैं सरकार से तब भी नहीं था। जब मैंने रासुका और लाठियां झेलीं और 16 महीने में जेल में रहा था। हमारी लड़ाई सत्ता के साथ व्यवस्था परिवर्तन की है।
उन्होंने कहा कि आज जो गठबंधन सामाजिक न्याय की बात कर रहा है, वह बिना दलितों के खोखला है। पिछले दो महीने में उनके साथ छल हुआ। हम राजनीति की इन बातों को समझ नहीं पाए। क्योंकि हम नए लोग हैं और ईमानदार है। कुछ लोगों के लिए ये हंसी का विषय हो सकता है कि चंद्रशेखकर को उन्होंने बेवकूफ बना दिया। हम स्वाभिमान से समझौता नहीं कर सकते और न ही किसी के सामने झुकेंगे।
भाजपा लौटी तो भुगतना होगा खामियाजा
आजाद ने कहा कि अगर विपक्ष के बिखराव की वजह से भाजपा दोबारा सत्ता में लौटती है, तो इसका खामियाजा न केवल मुझे बल्कि मुझ जैसे लाखों निर्दोष लोगों को भुगतना पड़ेगा। ये मेरा दर्द है। पिछले दो महीने में चंद्रशेखर आजाद अपना नजरिया खो बैठा है। मुझे लगता है कि जो पांच साल फील्ड में नहीं आते उन्हें भी ऐसी राजनीति करनी चाहिए। मैं समझता हूं मेरी ताकत मेरे कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने सरकार से मोर्चा लेकर विपक्ष की भूमिका अदा की।
‘बसपा सुप्रीमो से आप बात करा दो’
आजाद ने कहा कि वह 30 फीसदी उम्मीदवार दलित, 42-45 पिछड़ा वर्ग और 18 फीसदी मुस्लिम चुनाव मैदान में उतारेंगे। उन्होंने सपा से गठबंधन होने से साफ इंकार किया लेकिन जब उनसे पूछा गया कि दलितों की राजनीति आसपा और बसपा करते हैं, तो आपस में गठबंधन क्यों नहीं करते। इस पर वह बोले कि वह बात नहीं करतीं, आप करा सकते हो तो आप बसपा मुखिया से बात करा दो।
गोरखपुर सीट से लड़ सकते हैं चंद्रशेखर
चंद्रशेखर से जब यह पूछा गया कि वह कहां से चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने कहा कि वह गोरखपुर से चुनाव लड़ सकते हैं। लेकिन उन्होंने कहा कि वह इसकी घोषणा बाद में करेंगे। उन्होंने बताया कि अब वह पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे। वह जल्द गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, सहारनपुर आदि जिलों की विधानसभा सीटों पर 33 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा करेंगे।