ग्रेटर नोएडा। अमित कसाना गिरोह के लिए रंगदारी वसूलने वाले दो शूटरों को पश्चिमी उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए शूटर अतुल कसाना निवासी रिस्तल लोनी और अरुण मास्टर ने बादलपुर निवासी व्यक्ति से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। आरोपियों ने पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। बुधवार को पुलिस ने बदमाशों को कोर्ट में पेश किया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस की जांच में पता चला है कि बदमाश इंटरनेट कॉल कर रंगदारी मांगते थे।
एएसपी एसटीएफ राजकुमार मिश्रा ने बताया कि बादलपुर कोतवाली में बादलपुर गांव निवासी राजकुमार ने रंगदारी का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच में पता चला कि अतुल कसाना और अरुण मास्टर ने उससे पांच लाख रुपये मांगे थे। एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से रंगदारी मांगने में उपयोग किया गया मोबाइल बरामद किया है। पूछताछ में पता चला कि अमित कसाना दिसंबर 2020 में जेल से बाहर आया था। उसके बाहर आने के बाद से दोनों शूटर उसके संपर्क में आए थे। एसटीएफ के मुताबिक अरुण मास्टर पहले भी अमित कसाना के नाम से राजकुमार को धमकी दे चुका था। अमित और राजकुमार के बीच रुपयों को लेकर कुछ विवाद था। एसटीएफ के मुताबिक 5 लाख की रंगदारी में से एक लाख रुपये अतुल कसाना को मिलने थे।
एनसीआर में लूटपाट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में लूटपाट करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को पकड़े गए राजेंद्र निवासी गोरखपुर, दीपक निवासी हमीरपुर और अंकित दुबे निवासी फैजाबाद के पास से 13 मोबाइल और 2 बाइक बरामद हुई हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह दिल्ली-एनसीआर में राहगीरों से मोबाइल और बाइक लूट करते थे। लूटे गए मोबाइल को सस्ते दामों में बेच देते थे। आरोपियों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कई लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया है। बीटा-2 पुलिस ने बताया कि वर्तमान में तीनों बदमाश कासना स्थित झुग्गी-झोपड़ी में रहते थे। पुलिस ने पकड़े गए लुटेरों के पास से 13 मोबाइल, एक आधार कार्ड और दो बाइक बरामद की है। इनके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में नौ मुकदमे दर्ज हैं। ब्यूरो