नोएडा। एनसीआर में 500 से अधिक चेन लूटने वाले दो बदमाशों व जूलर को कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीसरा दिल्ली का जूलर है जो लूट करवाने और जूलरी खपाने में मदद करता था। गिरफ्तार बदमाशों ने 14 साल में दिल्ली-एनसीआर में करीब दो करोड़ रुपये की जूलरी लूटी है।
एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ में सेक्टर-34 से तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान शक्ति नगर दिल्ली निवासी सोनू सिंह, नंद नगरी निवासी भारत व भोपुरा निवासी विजय शिंदे के रूप में हुई। सोनू और भारत के पैर में गोली लगी है। जूलर विजय लूट के लिए बदमाशों को रकम देकर उकसाता था। बदमाशों ने हाल ही में नोएडा में छह लूट की थीं। बदमाशों के पास से लूट की छह चेन, तमंचे और घटना में इस्तेमाल दो बाइक बरामद की गई हैं। पुलिस गिरोह के अन्य बदमाशों की तलाश कर रही है।
आरोपी एक ही दिन में कई वारदात अंजाम देते थे। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वे जूलरी मुथूट फाइनेंस में जमा कराकर रुपये लेते थे। दिल्ली में मुथूट फाइनेंस में 10 तोला जूलरी बदमाशों ने जमा कराई थी। नोएडा पुलिस ने इसेे फ्रीज करा दिया है। इसके अलावा इन आरोपियों की संपत्ति के बारे में भी पता कराया जा रहा है।
एडवांस रकम देकर जूलर भेजता था लूट करने
जूलर विजय मूलरूप से महाराष्ट्र का रहने वाला है और करीब बीस साल से एनसीआर में रह रहा है। आरोपी घर में लूट की जूलरी को गलाकर अन्य जगह खपा देता था। जूलर बदमाशों को लूट के लिए एडवांस रकम भी देता था। साथ ही, लूट की जूलरी में 35 फीसदी कमीशन भी लेता था।
लकी शर्ट पहनकर हाईस्पीड बाइक से निकलते थे
एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि दोनों बदमाश हाईस्पीड बाइक से हेलमेट लगाकर घर से लूट करने के लिए निकलते थे। पुलिस से बचने के लिए हर घटना के करीब दस से 15 दिन बाद दूसरी घटना के लिए निकलते थे। काली टेप लगाकर बाइक का नंबर बदल देते थे। पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए ये बदमाश खराब बाइक का बहाना बनाकर पैदल निकल जाते थे। नोएडा में ये बदमाश पहली बार पकड़े गए हैं। साथ ही, ये बदमाश लकी शर्ट पहनकर निकलते थे। पुलिस के पास दर्जनों सीसीटीवी इनके मिले हैं। इनमें एक बदमाश चेक शर्ट हमेशा पहना हुआ दिखाई दे रहा है।
पुलिस की चेतक टीम कर रही थी पीछा
एडीसीपी रणविजय सिंह न बताया कि बदमाशों की नोएडा में पहली बार गिरफ्तारी हुई है। इन बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की चेतक टीम बनाई गई थी। इनमें सब इंस्पेक्टर राहुल कुमार, कांस्टेबल शमशाद गुर्जर, पाहुल कुमार, रोहित कुमार, ऋषि राजपूत समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। इन पर एसीपी रजनीश वर्मा व कोतवाली सेक्टर-24 के प्रभारी निरीक्षक ज्ञान सिंह निगरानी रख रहे थे। ये पुलिसकर्मी करीब 25 दिनों से इस गिरोह पर काम कर रहे थे और दो सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली थी।
सोनू पर 47 और भारत पर 13 मुकदमे हैं दर्ज
एसीपी ने बताया कि सोनू वर्ष 2008 से इस तरह की घटनाएं कर रहा है। इसके कुछ साल बाद इसके संपर्क में भारत आया और फिर दोनों की जोड़ी बन गई। गिरोह में कुछ अन्य बदमाशों के शामिल होने की जानकारी मिली है। सोनू पर 47 और भारत पर 13 मुकदमे दर्ज हैं।