दादरी। बादलपुर कोतवाली पुलिस ने नकली सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रॉली से नकली सीमेंट की 250 बोरियां बरामद हुई हैं। चालक ने पूछताछ में बताया कि वह गाजियाबाद सीमा से नकली सीमेंट लेकर ग्रेनो वेस्ट जा रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने बताया कि गाजियाबाद के विजय नगर निवासी राजवीर को गिरफ्तार किया गया है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी नकली सीमेंट लेकर ग्रेनो वेस्ट जा रहा है।
इस पर औद्योगिक पुलिस चौकी के सामने वाहनों की जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने बताया कि चालक वाहन के कागजात भी नहीं दिखा सका। आरोपी ने पुलिस को बताया कि दिल्ली बॉर्डर से कंपनी के नाम से छपी खाली बोरियां खरीदकर लाते हैं। इसके बाद दिल्ली बॉर्डर स्थित एक गोदाम में नकली सीमेंट भरकर सप्लाई की जाती है। पूछताछ में चालक ने बताया कि नकली सीमेंट का अवैध कारोबार ठेकेदार की मिलीभगत से चलता है। सस्ते दामों पर नकली सीमेंट खरीदकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट, दादरी समेत अन्य निर्माणाधीन बिल्डर साइट पर पहुंचा दिया जाता है।
साथ में चल रहा था बाइक सवार हुआ फरार
आरोपी चालक ने बताया कि दिल्ली बॉर्डर स्थित गोदाम से उसके एक बाइक सवार भी चल रहा था। उसके बताए स्थान पर सीमेंट पहुंचाना था, लेकिन चेकिंग के दौरान वह फरार हो गया। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सीमेंट कहां बनती है और इसके पीछे कितने लोग हैं। बादलपुर कोतवाली प्रभारी दिनेश सिंह का कहना है कि इस अवैध कारोबार से जुडे़ लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
मुनाफे के लालच में कर रहे जान से खिलवाड़
मुनाफे के लालच में आरोपी लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। इस धंधे से जुड़े आरोपी निर्माणाधीन साइट पर नकली सीमेंट की आपूर्ति करते हैं। ऐसे में नकली सीमेंट से बनी इमारत के जल्द ढहने के खतरे से इनकार नहीं किया जा सकता है। इससे पहले शाहबेरी में नकली सीमेंट के कारोबार का खुलासा हो चुका है। वहीं, शाहबेरी में दो भवनों के गिरने से नौ लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद भी इमारत में घटिया सामग्री प्रयोग के आरोप लगे थे।