महागुन मंत्रा-1 में एडीसीपी (साइबर) मनीषा सिंह ने लोगों को बताए साइबर अपराध से बचने के तरीके
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध से बचने के लिए शिक्षित होने के साथ सतर्कता और जागरूकता जरूरी है। ये बातें ग्रेनो वेस्ट की महागुन मंत्रा-1 सोसाइटी में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर आयोजित साइबर सुरक्षा कार्यक्रम में एडिशनल डीसीपी (साइबर) मनीषा सिंह ने कहीं।
उन्होंने बताया कि साइबर अपराध कई प्रकार के होते हैं। इनमें फिशिंग आम है, जिसमें किसी लिंक या फर्जी ईमेल के जरिये व्यक्ति की बैंकिंग जानकारी चुरा ली जाती है। इसके अलावा व्हाट्सएप या ओटीपी धोखाधड़ी है। सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को ब्लैकमेल करना, ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट से नकली सामान बेचना या पैसे लेकर गायब हो जाना और क्यूआर कोड स्कैन कराकर पैसे निकाल लेना भी साइबर अपराध है। इनसे बचने के लिए लोगों को कुछ एहतियात बरतनी चाहिए।
अनजान लिंक या ईमेल पर क्लिक न करें, किसी को ओटीपी या पासवर्ड न दें। सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी शेयर न करें और हर ऑनलाइन खाते में मजबूत पासवर्ड के साथ दो-स्तरीय सुरक्षा रखें। अगर किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो तुरंत शिकायत दर्ज करानी चाहिए। साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर या www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हैं तो बैंक और साइबर सेल तुरंत उस लेन-देन को ट्रैक कर रोकने की कोशिश करते हैं।
शिकायत में न करें देरी
साइबर ठगी की स्थिति में पहला एक घंटा बेहद अहम होता है, जिसे ‘गोल्डन आवर’ कहा जाता है। इस दौरान शिकायत करने पर रकम वापस मिलने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। इसलिए शिकायत में देरी न करें। बच्चे और लोगों ने साइबर अपराध संबंधित सवाल एडीसीपी से पूछे। इस मौके पर सोसाइटी के जेपी पांडेय, देवेंद्र जाखड़, सुमन कुमार झा, राजेश कुमार, रिंकू गुप्ता, विकास कुमार सिंह, करन कपूर, अभिषेक, अखिलेश ठाकुर, संतोष चौधरी, दीपिका, शीतल, प्रियंका, कुमकुम शर्मा, वीना पांडेय मौजूद रहीं।
स्वास्थ्य शिविर में निवासियों ने कराई जांंच
सोसाइटी में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। इसमें थायराइड, कोलेस्ट्रॉल, बीपी शुगर, बीएमडी की जांच की गई। सर्वोदय हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने निवासियों के स्वास्थ्य की जांच की। इस मौके पर 50 से अधिक लोगों ने डॉक्टरों से परामर्श ली। इस मौके पर जनरल फिजिशियन डॉ. तस्सौर जमाल, नर्स नीलम, फुलवती के अलावा राहुल, प्रिंस ठाकुर मौजूद रहे।