ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण की अधिसूचित और अधिग्रहीत भूमि से माफिया के इशारे पर मिट्टी चोरी और खनन का सिलसिला जारी है। ग्रेनो वेस्ट के ईकोटेक-12 सेक्टर में ग्रेनो प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि से मिट्टी चोरी का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची प्राधिकरण की टीम को देखकर आरोपी मौके पर जेसीबी व डंपर छोड़कर भाग गए। आरोपियों ने जेसीबी और डंपर की नंबर प्लेट पर पेंट किया हुआ था। मामले में ग्रेनो प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक ने बिसरख कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्रेनो प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक राजीव कुमार ने बिसरख कोतवाली पुलिस को शिकायत दी है कि एक दिसंबर को तड़के लगभग चार बजे ईकोटेक-12 स्थित अधिग्रहीत और अधिसूचित भूमि से मिट्टी चोरी व खनन करने की सूचना मिली थी। प्राधिकरण की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची तो आरोपी मौके पर डंपर व जेसीबी छोड़कर भाग गए। दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से बिसरख कोतवाली पहुंचा दिया गया। पड़ताल में पता चला कि जेसीबी व डंपर मालिक का नाम गिरधरपुर निवासी सोनू है। इसके अलावा इस घटना में मोदी, अशोक, सिट्रा आदि शामिल हैं, जो अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से भाग गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
माफिया के गुर्गों ने की वाहन छुड़ाने की कोशिश
दर्ज कराए गए केस में राजीव कुमार ने जानकारी दी है कि जब टीम वाहनों को लेकर बिसरख कोतवाली आ रही थी, उस दौरान माफिया के गुर्गों ने वाहन छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन इसमें वह कामयाब नहीं हुए। दोनों वाहनों को पुलिस ने जब्त कर लिया है।