'There should be no problem of water supply in the area'
नूंह। कांग्रेस विधायक दल के उप नेता और विधायक आफताब अहमद ने रविवार को पुराने रेस्ट हाउस में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इलाके में पानी आपूर्ति की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। विधायक ने अधिकारियों से इलाके में पेयजल व्यवस्था के कार्यों की रिपोर्ट ली और काम की गुणवत्ता पर ध्यान केंद्रित करने को कहा।
आफताब अहमद ने कोटला, मेवली, आंकेडा, निजामपुर, जोगीपुर, नूंह, फिरोजपपुर नमक, सालाहेडी, सलंबा सहित दो दर्जन गांवों में पानी आपूर्ति को सुधारने पर जोर देते हुए कहा कि साफ और स्वच्छ पानी सभी लोगों का हक है, उन्हें हर हाल में मिलना चाहिए। इसके अलावा लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाए। महाग्राम योजना के तहत गांधी ग्राम घासेड़ा और मालब में पेयजल व्यवस्था के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि इन गांवों की आबादी को देखते हुए यहां अधिक पानी आपूर्ति की जरूरत है। इसलिए इस कार्य को तेज गति से किया जाए। अधिकारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि इलाके के लोगों की समस्याओं को सुलझाने में कोई कसर बाकी नहीं रखी जाएगी। विधायक ने कहा कि उनका प्रयास है कि इलाके में लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। इसमें अधिकारी भी सहयोग दें। लापरवाही मिलने पर किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में एक्सईएन प्रदीप कुमार, एक्सईएन दीपेंद राज और एसडीओ सहित कई जेई मौजूद रहे।