दादरी। कोतवाली क्षेत्र में पल्ला नहर पर परिचित युवती से मिलने पहुंचे युवक को युवती के परिजनों द्वारा मारपीट कर जबरन जहर खिलाने का मामला प्रकाश में आया है। उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। इस मामले में युवती समेत पांच नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, जारचा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक गौरव दनकौर कोतवाली क्षेत्र के गांव की निवासी युवती रिंकी से परिचित था। रिंकी दादरी कोतवाली क्षेत्र के बोड़ाकी गांव में अपनी रिश्तेदारी में आई हुई थी। यहीं पर उसने गौरव को मिलने बुलाया था। युवक व युवती जब गांव पल्ला की नहर पर मिलने पहुंचे तो इसकी जानकारी युवती के परिजनों को लग गई। गुस्साए परिजन वहां पहुंच गए। आरोप है कि युवती के परिजनों ने युवक की जमकर पिटाई की इससे वह बुरी तरह घायल हो गया। उसके बाद हमलावरों ने युवक को जबरन जहर दे दिया और उसे वहीं छोड कर फरार हो गए। युवक ने घटना जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों ने उसे ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता ने आरोपी रिंकी, आरती, कुणाल, साहिल व गुलाल एवं तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
मरने से पहले युवक ने वीडियो में बयां की आपबीती
मारपीट में घायल गौरव को परिजनों ने जब अस्पताल में भर्ती कराया था, उसी दौरान उन्होंने उससे घटना की जानकारी ली और इसकी वीडियो भी बनाई। वीडियो में गौरव बता रहा है कि रिंकी अपने रिश्तेदार के यहां बोड़ाकी आई हुई थी। उसने बताया कि वह कपड़े लेने दादरी जा रही है, वह मिलने के लिए आ जाए। नहर पर पहुंचने के बाद उसने उसे को कपड़े खरीदने के लिए पैसे देने चाहे तो वह तैश में आ गई। उसने पैसे फाड़ दिए और फोन तोड़ दिया। साथ ही जाने से इंकार कर दिया। उसके बाद उसे कुछ खिला दिया। इस बीच उसने अपने रिश्ते के भाई को बुला लिया। उन्होंने उसकी पिटाई की। पीड़ित ने रिंकी और उसके भाई का नाम भी वीडियो में बताया है।
एडिश्नल डीसीपी विशाल पांडे का कहना है कि युवक जारचा कोतवाली क्षेत्र का है और अपनी पूर्व परिचित युवती से मिलने पल्ला नहर पर गया था। वहां पर उसके साथ मारपीट कर गई। युवक के पिता का आरोप है कि उसे मारपीट के बाद जहरीला पदार्थ खिलाया गया है। मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।